‘जेलर 2’ का पहला गाना ‘अला बोलेलो’ रिलीज, कुछ ही घंटों में कई लाख से ज्यादा व्यूज
‘जेलर 2’ का पहला गाना ‘अला बोलेलो’ रिलीज, कुछ ही घंटों में कई लाख से ज्यादा व्यूज
सुपरस्टार रजनीकांत की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जेलर 2’ इन दिनों लगातार चर्चा में बनी हुई है। फिल्म के पहले गाने ‘अला बोलेलो’ ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया और यूट्यूब पर धूम मचा दी है। गाने को दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है और कुछ ही घंटों में इसके 62 लाख से ज्यादा व्यूज हो चुके हैं
‘कवाला’ से होने लगी तुलना
‘जेलर 2’ के गाने को देखने के बाद कई दर्शकों को पहली फिल्म का सुपरहिट गाना ‘कवाला’ याद आ गया। ‘कवाला’ में तमन्ना भाटिया नजर आई थीं, जबकि नए गाने में शामना कासिम डांस करती दिखाई दे रही हैं।
गाने में शामना कासिम सफेद साड़ी में डांस करती नजर आती हैं और उनके साथ रजनीकांत भी दिखाई देते हैं। हालांकि दोनों गानों की थीम अलग है, लेकिन इसकी एनर्जी और डांसिंग स्टाइल के कारण सोशल मीडिया पर इसकी तुलना ‘कवाला’ से की जा रही है।
हिंदी वर्जन को भी मिल रहा अच्छा रिस्पॉन्स
मेकर्स ने ‘अला बोलेलो’ का हिंदी वर्जन भी रिलीज किया है। हिंदी वर्जन को भी दर्शकों का अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है और इसे अब तक 4.64 लाख से ज्यादा व्यूज मिल चुके हैं।
गाने को अनिरुद्ध रविचंदर ने कंपोज किया है और उन्होंने ही इसे गाया भी है। इसके बोल अरुण राजा कामराज ने लिखे हैं, जबकि कोरियोग्राफी की जिम्मेदारी जानी मास्टर ने संभाली है।
15 अक्टूबर को रिलीज होगी ‘जेलर 2’
‘जेलर 2’ का निर्देशन नेल्सन दिलीप कुमार कर रहे हैं और फिल्म का निर्माण सन पिक्चर्स के बैनर तले हो रहा है। फिल्म में रजनीकांत के अलावा मोहनलाल, शिवा राजकुमार, विजय सेतुपति, एसजे सूर्या, मिथुन चक्रवर्ती, राम्या कृष्णन, विद्या बालन और योगी बाबू जैसे कलाकार नजर आएंगे।
मेकर्स के मुताबिक फिल्म 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का काम अब अंतिम चरण में है और ‘अला बोलेलो’ की सफलता ने रिलीज से पहले ही इसके लिए दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।
