उत्तराखंड में बारिश का कहर: बीरोंखाल में भीषण भूस्खलन, मोटरमार्ग पर आवाजाही ठप
उत्तराखंड में बारिश का कहर: बीरोंखाल में भीषण भूस्खलन, मोटरमार्ग पर आवाजाही ठप
पौड़ी: जिले में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बीरोंखाल ब्लॉक से भूस्खलन की डराने वाली तस्वीर सामने आई है। मैठाणाघाट-ग्वीन-रसियादेव मोटरमार्ग पर भीषण भूस्खलन होने से सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। मलबा आने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद हो गई है।
पहाड़ से गिरता रहा मलबा और चट्टानें
भूस्खलन का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पहाड़ से लगातार चट्टानें और भारी मलबा सड़क पर गिरता दिखाई दे रहा है। अचानक हुए इस भूस्खलन से आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।
हालांकि राहत की बात यह रही कि जिस समय पहाड़ का मलबा सड़क पर आया, उस दौरान वहां से कोई वाहन नहीं गुजर रहा था। इससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
500 की आबादी प्रभावित
बीरोंखाल के पूर्व ब्लॉक प्रमुख राजेश कंडारी के मुताबिक, इस मोटरमार्ग से कई गांव जुड़े हुए हैं, जहां करीब 500 लोगों की आबादी रहती है। हालांकि गांवों तक पहुंचने के लिए दूसरा वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध है, लेकिन उससे करीब 4 से 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।
मौसम साफ होने का इंतजार
फिलहाल प्रशासन और संबंधित विभाग की टीम सड़क को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोलने में जुटी है। लगातार बारिश के कारण पहाड़ी इलाकों में जगह-जगह भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे ग्रामीणों और यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है।
पीएमजीएसवाई बैजरों के अधिशासी अभियंता पान सिंह बिष्ट ने बताया कि भारी बारिश के चलते लगातार मलबा सड़क पर आ रहा है। मौसम साफ होते ही जेसीबी की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया जाएगा। इसके बाद मोटरमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए खोलने का प्रयास किया जाएगा।
