BJP की संगठनात्मक बैठक का दूसरा दिन, नितिन नवीन की अध्यक्षता में चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार पर मंथन
BJP की संगठनात्मक बैठक का दूसरा दिन, नितिन नवीन की अध्यक्षता में चुनावी तैयारियों और संगठन विस्तार पर मंथन
नई दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की अध्यक्षता में रविवार को पार्टी की संगठनात्मक बैठक का दूसरा दिन आयोजित किया गया। बैठक में वरिष्ठ नेताओं और राष्ट्रीय पदाधिकारियों ने संगठन को मजबूत करने, जमीनी स्तर पर नेटवर्क के विस्तार और आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर चर्चा की।
बैठक में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बीएल संतोष, राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, राष्ट्रीय महासचिव विनोद तावड़े, सुनील बंसल, संजय भाटिया, स्मृति ईरानी और हरीश द्विवेदी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
इसके अलावा सतीश पूनिया, गजेंद्र पटेल, तरुण चुघ, बैजयंत पांडा, राजीव चंद्रशेखर, रेखा वर्मा, हर्ष मल्होत्रा, श्रीकांत शर्मा, संदीप पाठक, लाल सिंह आर्य और मनोज टिग्गा सहित कई पदाधिकारियों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।
संगठन विस्तार और चुनावी रणनीति पर फोकस
बैठक का मुख्य एजेंडा पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और मजबूत करना तथा राज्यों में संगठन के नेटवर्क का विस्तार करना रहा। इसके साथ ही आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर तैयारियों की समीक्षा की गई।
भाजपा नेतृत्व की ओर से आने वाले महीनों के लिए संगठनात्मक रोडमैप तैयार करने और चुनावी राज्यों में पार्टी की गतिविधियों को तेज करने पर जोर दिए जाने की उम्मीद है।
बैठक में केंद्रीय नेतृत्व, राज्य इकाइयों और बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर पार्टी की मौजूदगी मजबूत करना भाजपा की रणनीति का अहम हिस्सा माना जा रहा है।
शनिवार को PM मोदी ने की थी नई टीम से मुलाकात
इससे पहले शनिवार को नई दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय पदाधिकारियों की परिचय बैठक हुई थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस दौरान पार्टी की नई संगठनात्मक टीम से मुलाकात की और उनके साथ संवाद किया था।
बैठक के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कहा था कि संगठनात्मक बैठकों में नए विचारों और दृष्टिकोण पर चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि इन बैठकों का उद्देश्य पार्टी को मजबूत करना और लोगों के साथ जुड़ाव को और गहरा करना है।
अब संगठनात्मक बैठक के दूसरे दिन पार्टी नेतृत्व का फोकस आगामी चुनावों से पहले संगठन की तैयारियों, रणनीति और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल पर रहा।
