बद्रीनाथ के पास बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत 6 लोगों की मौत, सभी शव बरामद
बद्रीनाथ के पास बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा: पायलट समेत 6 लोगों की मौत, सभी शव बरामद
उत्तराखंड के पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर हुआ हादसा; हेलीकॉप्टर बद्रीनाथ धाम से देहरादून लौट रहा था। दुर्घटना के बाद ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी गई है।
उत्तराखंड के बद्रीनाथ धाम के पास शुक्रवार को एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। जोशीमठ के नजदीक पांडुकेश्वर में भेड़ गदेरे की पहाड़ी पर बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में पायलट समेत हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की मौत हो गई। प्रशासन ने सभी मृतकों के शव बरामद कर लिए हैं।
पायलट समेत छह लोगों की गई जान
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे और सभी की मौत हो गई है। जानकारी के मुताबिक, हेलीकॉप्टर में सवार पांच श्रद्धालु कर्नाटक के रहने वाले थे, जबकि पायलट दिल्ली का निवासी था।
ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक
बताया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का था। यह बद्रीनाथ धाम से देहरादून की ओर लौट रहा था। हादसे के बाद एहतियातन प्रशासन ने ट्रांस भारत एविएशन के सभी हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर रोक लगा दी है।
हादसे में जान गंवाने वालों की सूची
हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वालों की पहचान इस प्रकार हुई है:
कैप्टन हिमांशु सभरवाल (48 वर्ष) – दिल्ली (पायलट)
प्रतापा (41 वर्ष) – कर्नाटक
अरुण सालुंके (44 वर्ष) – कर्नाटक
वी.बी. शंकर गौड़ा (39 वर्ष) – कर्नाटक
सुधीर के. (50 वर्ष) – कर्नाटक
एच.एस. नटराजा (51 वर्ष) – कर्नाटक
हादसे के बाद प्रशासन और संबंधित एजेंसियों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। सभी छह मृतकों के शव बरामद कर लिए गए हैं। दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए आगे की जांच की जाएगी।

