अन्तर्राष्ट्रीय

बांग्लादेश के रंगपुर में रिटायर्ड हिंदू शिक्षक समेत परिवार के 4 सदस्यों के शव मिले, बंद घर में संदिग्ध हालात में हुई मौत

बांग्लादेश के रंगपुर में रिटायर्ड हिंदू शिक्षक समेत परिवार के 4 सदस्यों के शव मिले, बंद घर में संदिग्ध हालात में हुई मौत

बांग्लादेश के रंगपुर शहर में एक रिटायर्ड हिंदू स्कूल शिक्षक समेत उनके परिवार के चार सदस्यों के शव बंद घर से बरामद होने के बाद सनसनी फैल गई। मृतकों में शिक्षक, उनकी पत्नी, 23 वर्षीय बेटी और 12 वर्षीय बेटा शामिल हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और मौत की वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

बंद घर से बरामद हुए शव

मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, शनिवार रात करीब 11:30 बजे रंगपुर के दासपारा (मछुआपारा) इलाके में स्थित घर से चारों शव बरामद किए गए। मृतकों की पहचान रंगपुर जिला स्कूल के रिटायर्ड शिक्षक गणपति चक्रवर्ती (65), उनकी पत्नी प्रीतिलता चक्रवर्ती (50), बेटी आगामी चक्रवर्ती प्रार्थि (23) और बेटे प्रियम चक्रवर्ती (12) के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, घर का मुख्य दरवाजा बंद था। पुलिस ने ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और शव बरामद किए।

गुरुवार से परिवार से टूट गया था संपर्क

परिजनों के अनुसार, परिवार के चारों मोबाइल फोन गुरुवार रात से बंद थे। प्रीतिलता की बहन पूजा चक्रवर्ती ने बताया कि उन्होंने अपनी बहन से गुरुवार दोपहर आखिरी बार बात की थी। इसके बाद परिवार से संपर्क नहीं हो पाया।

शनिवार रात परिजन दासपारा स्थित घर पहुंचे। घर की लाइटें बंद थीं और मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

अलग-अलग जगह मिले शव

रंगपुर मेट्रोपॉलिटन CID के अधिकारी सुबीर चौधरी के मुताबिक, परिवार के सदस्यों के शव घर में अलग-अलग जगह मिले। मां और बेटी के शव सीढ़ियों पर, गणपति चक्रवर्ती का शव छत पर और 12 वर्षीय बेटे का शव बिस्तर के नीचे मिला।

पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि इन मौतों के पीछे क्या वजह थी और घटनाक्रम किस तरह हुआ।

पिछले साल हुए थे रिटायर

गणपति चक्रवर्ती पिछले साल 31 दिसंबर को रंगपुर जिला स्कूल से रिटायर हुए थे। परिजनों के अनुसार, रिटायरमेंट के बाद वह होम्योपैथिक डॉक्टर के तौर पर भी काम कर रहे थे। उनकी बेटी आगामी ने इसी साल अंग्रेजी में मास्टर्स की पढ़ाई पूरी की थी, जबकि बेटा प्रियम पांचवीं कक्षा में पढ़ता था।

पुलिस और फोरेंसिक टीम कर रही जांच

घटना के बाद पुलिस के साथ CID और डिटेक्टिव ब्रांच की टीमें भी जांच में जुटी हैं। फोरेंसिक विशेषज्ञ घटनास्थल से सबूत जुटा रहे हैं। पुलिस के मुताबिक, मौत का सही समय, कारण और पूरे घटनाक्रम का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।

फिलहाल पुलिस ने मामले को संदिग्ध मौत के तौर पर लेते हुए सभी संभावित पहलुओं की जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *