मनोरंजन

चिरंजीवी के जन्मदिन पर ‘काका’ का टाइटल टीजर रिलीज, दो अलग अवतारों में दिखे मेगास्टार

चिरंजीवी के जन्मदिन पर ‘काका’ का टाइटल टीजर रिलीज, दो अलग अवतारों में दिखे मेगास्टार

मुंबई। गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड से सम्मानित अभिनेता चिरंजीवी ने अपने जन्मदिन के मौके पर अपनी अपकमिंग फिल्म ‘काका’ का टाइटल टीजर शेयर किया है। बॉबी कोली के निर्देशन में बन रही इस फिल्म की पहली झलक में चिरंजीवी के दो बिल्कुल अलग अंदाज देखने को मिले हैं। फिल्म को KVN प्रोडक्शंस प्रोड्यूस कर रहा है।

‘काका’ को 13 जनवरी 2027, यानी संक्रांति के मौके पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। मेकर्स ने सोशल मीडिया पर फिल्म के टाइटल और चिरंजीवी के किरदार की झलक साझा की।

‘काका’ में दो अलग रूपों में नजर आए चिरंजीवी

टीजर की शुरुआत चिरंजीवी के ‘के सत्यम’ नाम के किरदार से होती है। सत्यम एक्वा इंडस्ट्री में सुपरवाइजर है और उसका लुक एक साधारण मिडिल क्लास व्यक्ति जैसा रखा गया है। वह चेन्नई की टीम को समय पर सामान पहुंचाने का भरोसा दिलाता नजर आता है।

कहानी में हल्के-फुल्के अंदाज के बीच अचानक बड़ा ट्विस्ट आता है। एक स्कूटर की चाबियां पानी में गिर जाती हैं। सत्यम चुंबक की मदद से उन्हें बाहर निकालता है, लेकिन चाबियों के साथ कुछ बंदूकें भी सामने आ जाती हैं। यहीं से कहानी और सत्यम के किरदार का दूसरा पहलू सामने आता है।

युवा अवतार में दिखा जबरदस्त स्वैग

इसके बाद झलक फ्लैशबैक में चली जाती है, जहां चिरंजीवी का युवा अवतार दिखाई देता है। यह किरदार सत्यम के बिल्कुल विपरीत नजर आता है। स्टाइलिश लुक, बंदूक और जबरदस्त स्वैग के साथ चिरंजीवी का यह अंदाज फैंस का ध्यान खींचता है।

टीजर से संकेत मिलता है कि फिल्म में चिरंजीवी के किरदार के अतीत और वर्तमान के बीच एक महत्वपूर्ण कनेक्शन देखने को मिलेगा।

अनस्वरा राजन भी अहम भूमिका में

‘काका’ में चिरंजीवी के साथ अनस्वरा राजन भी महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का निर्देशन बॉबी कोली कर रहे हैं। टाइटल टीजर के सामने आने के बाद अब दर्शकों की नजर फिल्म की कहानी और चिरंजीवी के दोनों किरदारों के बीच के संबंध पर है।

‘विश्वंभरा’ में भी नजर आएंगे चिरंजीवी

चिरंजीवी के पास इसके अलावा निर्देशक मल्लिदी वशिष्ठ की फिल्म ‘विश्वंभरा’ भी है। यह फिल्म 16 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। यानी आने वाले समय में मेगास्टार के फैंस को उनकी दो बड़ी फिल्मों का तोहफा मिलने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *