बॉबी देओल ने शुरू की ‘आश्रम 4’ की शूटिंग, फिर लौटेगा बाबा निराला का किरदार
बॉबी देओल ने शुरू की ‘आश्रम 4’ की शूटिंग, फिर लौटेगा बाबा निराला का किरदार
मुंबई। अभिनेता बॉबी देओल की चर्चित वेब सीरीज ‘आश्रम’ के चौथे सीजन का इंतजार कर रहे फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। मेकर्स ने शनिवार को सोशल मीडिया के जरिए पुष्टि की कि ‘आश्रम 4’ की शूटिंग शुरू हो गई है। इस सीजन में बॉबी देओल एक बार फिर ‘बाबा निराला’ के किरदार में नजर आएंगे।
मेकर्स ने शेयर किया क्लैपबोर्ड
प्रकाश झा प्रोडक्शंस ने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें पूजा स्थल के पास रखा क्लैपबोर्ड दिखाई दे रहा है। इस पर ‘आश्रम 4’ लिखा हुआ है। पोस्ट के साथ मेकर्स ने नए अध्याय की शुरुआत की जानकारी दी और ‘जपनाम’ लिखकर फैंस का उत्साह बढ़ा दिया।
पोस्ट सामने आते ही फैंस और इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने खुशी जाहिर की। लंबे समय से दर्शक सीरीज के चौथे सीजन का इंतजार कर रहे थे।
फिर नजर आएंगे बाबा निराला
‘आश्रम 4’ में बॉबी देओल एक बार फिर बाबा निराला की भूमिका निभाएंगे। उनके साथ अदिति पोहनकर पम्मी और चंदन रॉय सान्याल भोपा स्वामी के किरदार में वापसी करेंगे।
इसके अलावा दर्शन कुमार, अनुप्रिया गोयनका, ईशा गुप्ता, अध्ययन सुमन और त्रिधा चौधरी भी अपने पुराने किरदारों में नजर आने की उम्मीद है।
क्या है ‘आश्रम’ की कहानी?
प्रकाश झा के निर्देशन में बनी ‘आश्रम’ की कहानी बाबा निराला के इर्द-गिर्द घूमती है। सीरीज में एक ऐसे बाबा की कहानी दिखाई गई है, जो खुद को भगवान के रूप में पेश करता है और राजनीति, अपराध तथा अंधविश्वास का फायदा उठाकर अपना प्रभाव बढ़ाता है।
बॉबी देओल के करियर में भी यह सीरीज बेहद अहम साबित हुई है। ‘बाबा निराला’ के किरदार ने उन्हें ओटीटी दर्शकों के बीच नई पहचान दिलाई।
तीन सीजन हो चुके हैं रिलीज
‘आश्रम’ का पहला सीजन 28 अगस्त 2020 को एमएक्स प्लेयर पर रिलीज हुआ था। इसके बाद दूसरा सीजन 11 नवंबर 2020 को आया। तीसरा सीजन जून 2022 में रिलीज किया गया था।
अब चौथे सीजन की शूटिंग शुरू होने के साथ ही फैंस की नजर इस बात पर है कि बाबा निराला की कहानी किस नए मोड़ पर पहुंचती है। पिछले सीजन्स की लोकप्रियता को देखते हुए ‘आश्रम 4’ को लेकर दर्शकों की उम्मीदें काफी बढ़ गई हैं।
