उत्तराखंडराजनीति

तबीयत में सुधार के बाद फिर सक्रिय हुए हरीश रावत, दिल्ली में CWC की बैठक में हुए शामिल

तबीयत में सुधार के बाद फिर सक्रिय हुए हरीश रावत, दिल्ली में CWC की बैठक में हुए शामिल

देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता हरीश रावत एक बार फिर राजनीतिक गतिविधियों में सक्रिय नजर आ रहे हैं। स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के बाद आराम कर रहे हरीश रावत ने दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) की बैठक में हिस्सा लिया। बैठक कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के नेतृत्व में आयोजित की गई।

कुछ दिन पहले तबीयत खराब होने के बाद हरीश रावत को कुछ समय के लिए दून मेडिकल कॉलेज चिकित्सालय में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों ने उन्हें आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद वह दिल्ली स्थित अपने आवास पर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। स्वास्थ्य में सुधार के बाद उन्होंने पार्टी की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लिया।

देश के राजनीतिक और सामाजिक हालात पर चर्चा

हरीश रावत ने सोशल मीडिया के जरिए CWC की बैठक में शामिल होने की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के अन्य वरिष्ठ सदस्य मौजूद रहे।

उन्होंने कहा कि बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक और सामाजिक परिदृश्य पर गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा पार्टी की आगे की रणनीति और आगामी कार्ययोजना को लेकर भी चर्चा हुई।

SIR प्रक्रिया और चुनावी रणनीति पर कांग्रेस का फोकस

उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि दिल्ली में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर पहले ही बैठक हो चुकी है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र की स्थिति पर चर्चा की गई। संगठन में बनाई जाने वाली समितियों और मौजूदा संगठनात्मक कमियों को दूर करने के मुद्दे पर भी विस्तृत विचार-विमर्श हुआ।

आगामी चुनाव को देखते हुए कैंपेनिंग की रणनीति पर भी मंथन किया गया है। गोदियाल के मुताबिक, 19 अगस्त को CWC की बैठक के बाद 20 अगस्त को दिल्ली में एक और बैठक प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में भी बैठकों का दौर जारी रहेगा।

हरीश रावत के संन्यास की अटकलों पर फिर विराम

हरीश रावत के सक्रिय राजनीति से संन्यास लेने की अटकलें समय-समय पर सामने आती रही हैं। हालांकि, पूर्व मुख्यमंत्री कई मौकों पर इन चर्चाओं को खारिज कर चुके हैं।

हरीश रावत सार्वजनिक मंचों से भी कह चुके हैं कि फिलहाल उनका राजनीति से संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है। CWC की बैठक में उनकी मौजूदगी को भी कांग्रेस की सक्रिय राजनीति में उनकी निरंतर भूमिका के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

हालांकि, पार्टी के भीतर उनके खिलाफ समय-समय पर विरोध के स्वर भी उठते रहे हैं। इसके बावजूद रावत लगातार राजनीतिक गतिविधियों में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *