मनोरंजन

प्रकाश राज की ‘जगमाए संगीतम’ की रिलीज डेट का ऐलान, 4 सितंबर से प्राइम वीडियो पर होगी स्ट्रीम

प्रकाश राज की ‘जगमाए संगीतम’ की रिलीज डेट का ऐलान, 4 सितंबर से प्राइम वीडियो पर होगी स्ट्रीम

मुंबई: अभिनेता प्रकाश राज की आगामी तेलुगु ओरिजिनल वेब सीरीज ‘जगमाए संगीतम’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। कर्नाटक संगीत की पारंपरिक विरासत और आधुनिक ध्वनियों के मेल पर आधारित यह सीरीज 4 सितंबर 2026 से अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी।

शास्त्री के किरदार में नजर आएंगे प्रकाश राज

पलनाती सूर्य प्रताप के निर्देशन में बनी इस सीरीज में प्रकाश राज शास्त्री नाम के मशहूर और समर्पित कर्नाटक संगीत उस्ताद की भूमिका निभा रहे हैं। कहानी पवित्र मंदिरों वाले शहर वैकुंठपुरम की पृष्ठभूमि में बुनी गई है।

सीरीज में संगीत के साथ-साथ परिवार, विरासत, महत्वाकांक्षा और वर्षों से छिपे रहस्यों की कहानी दिखाई जाएगी। प्रकाश राज का किरदार कहानी के संगीत और भावनात्मक सफर के केंद्र में रहेगा।

4 सितंबर को होगी स्ट्रीम

मेकर्स ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर सीरीज का पोस्टर साझा करते हुए इसकी रिलीज डेट की जानकारी दी। ‘जगमाए संगीतम’ 4 सितंबर से प्राइम वीडियो पर उपलब्ध होगी।

प्राइम वीडियो इंडिया के एसवीओडी ओरिजिनल्स के डायरेक्टर और हेड निखिल मधोक ने कहा कि सीरीज संगीत की भावनात्मक शक्ति के साथ परिवार, विरासत और खुद को तलाशने जैसे विषयों को सामने लाती है।

सुष्मिता कोनिडेला ने किया प्रोड्यूस

सीरीज का निर्माण सुष्मिता कोनिडेला ने किया है। उनके मुताबिक, कहानी में संगीत को केवल पृष्ठभूमि के रूप में नहीं बल्कि परिवार की भावनाओं को व्यक्त करने वाली भाषा के तौर पर इस्तेमाल किया गया है।

सीरीज का संगीत विशाल चंद्रशेखर ने तैयार किया है। मेकर्स के मुताबिक, इसमें पारंपरिक कर्नाटक संगीत और आधुनिक साउंड का मिश्रण देखने को मिलेगा।

कई बड़े कलाकारों की मौजूदगी

‘जगमाए संगीतम’ में प्रकाश राज के अलावा मेका श्रीकांत, मधुबाला, अक्षय लगुसानी और सुष्मिता शेट्टी अहम भूमिकाओं में हैं।

इनके साथ सुमन, सिज्जू मेनन, शफी, झांसी, रघु बाबू येरा, रॉकेट राघव, नागी जबरदस्त, मिर्ची किरण, केशव दीपक, प्रियंका नलकारी, माणिक रेड्डी, प्राची ठाकर और रूपा लक्ष्मी भी सीरीज का हिस्सा हैं।

‘जगमाए संगीतम’ 4 सितंबर 2026 से भारत समेत दुनिया के 240 से अधिक देशों और क्षेत्रों में प्राइम वीडियो पर तेलुगु में स्ट्रीम होगी। सीरीज में अंग्रेजी सबटाइटल और तमिल डबिंग भी उपलब्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *