लुधियाना में पिज्जा आउटलेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 सेकंड में चलीं 3 गोलियां; इंस्टाग्राम पोस्ट से मचा हड़कंप
लुधियाना में पिज्जा आउटलेट पर ताबड़तोड़ फायरिंग, 3 सेकंड में चलीं 3 गोलियां; इंस्टाग्राम पोस्ट से मचा हड़कंप
लुधियाना। पंजाब के लुधियाना के पॉश इलाके भाई रणधीर सिंह नगर में मंगलवार देर रात पिज्जा आउटलेट पर हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। बताया जा रहा है कि हमलावर दुकान के अंदर दाखिल हुए और महज तीन सेकंड के भीतर लगातार तीन गोलियां चलाकर मौके से फरार हो गए।
पूरी वारदात आउटलेट में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज के आधार पर पुलिस हमलावरों की पहचान करने और उनकी तलाश में जुटी हुई है।
इंस्टाग्राम पोस्ट से आया नया मोड़
फायरिंग की घटना के बाद सोशल मीडिया पर सामने आई एक पोस्ट ने पुलिस की जांच को नया मोड़ दे दिया। इंस्टाग्राम पर ‘गोपी लहोरिया ग्रुप’ नाम के एक पेज से पोस्ट कर फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया।
पोस्ट में पिज्जा आउटलेट को लेकर धमकी भरे शब्दों का भी इस्तेमाल किया गया है। हालांकि, पुलिस अभी इस दावे की पुष्टि नहीं कर रही है।
साइबर सेल ने शुरू की जांच
सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद पुलिस का साइबर सेल भी सक्रिय हो गया है। जांच की जा रही है कि जिम्मेदारी लेने वाला इंस्टाग्राम अकाउंट वास्तव में किसी आपराधिक गिरोह से जुड़ा है या फिर किसी शरारती तत्व ने दहशत फैलाने के लिए फर्जी अकाउंट बनाया है।
पुलिस अकाउंट को ऑपरेट करने वाले व्यक्ति की पहचान और उससे जुड़ी तकनीकी जानकारी जुटाने में लगी है।
CCTV और सोशल मीडिया पोस्ट पर फोकस
फिलहाल पुलिस की जांच दो अहम पहलुओं पर केंद्रित है। एक तरफ सीसीटीवी फुटेज के जरिए फायरिंग करने वालों की पहचान और उनके आने-जाने के तरीके का पता लगाया जा रहा है, वहीं दूसरी तरफ इंस्टाग्राम पर जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट की सत्यता जांची जा रही है।
पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि फायरिंग के पीछे क्या वजह थी और सोशल मीडिया पर सामने आई पोस्ट का घटना से वास्तव में कोई संबंध है या नहीं।
फिलहाल हमलावर पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं और मामले की जांच जारी है।
