केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का सऊदी अरब दौरा: ‘अल-रहमा मस्जिद’ के दर्शन किए, ‘हज 2027’ समझौते पर होंगे हस्ताक्षर
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू का सऊदी अरब दौरा: ‘अल-रहमा मस्जिद’ के दर्शन किए, ‘हज 2027’ समझौते पर होंगे हस्ताक्षर
जेद्दा:
केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू इन दिनों सऊदी अरब के आधिकारिक दौरे पर हैं। दौरे की शुरुआत में उन्होंने जेद्दा स्थित प्रसिद्ध ‘अल-रहमा मस्जिद’ का दौरा किया, जिसे ‘फ्लोटिंग मस्जिद’ (तैरती हुई मस्जिद) के नाम से भी जाना जाता है। लाल सागर के तट पर स्थित इस ऐतिहासिक स्थल की तस्वीरें और अनुभव साझा करते हुए उन्होंने इसे सऊदी अरब की समृद्ध इस्लामी विरासत और शानदार वास्तुकला का अद्भुत उदाहरण बताया।
छठे हज सम्मेलन और द्विपक्षीय समझौते में लेंगे हिस्सा
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू शुक्रवार को जेद्दा पहुंचे, जहां भारत के महावाणिज्य दूत (कॉन्सुल जनरल) फहद सूरी ने हवाई अड्डे पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। मंत्री ‘छठे हज सम्मेलन और प्रदर्शनी 2027’ में भाग ले रहे हैं। अपने इस दौरे के दौरान वे भारत और सऊदी अरब के बीच द्विपक्षीय हज समझौते पर आधिकारिक हस्ताक्षर करेंगे और भारतीय तीर्थयात्रियों के लिए एक सुगम, सुरक्षित और आरामदायक हज यात्रा सुनिश्चित करने की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
भारतीय राजदूत ने बुनियादी ढांचा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
किरेन रिजिजू के दौरे से पूर्व, सऊदी अरब में भारत के राजदूत विपुल ने जेद्दा में भारत के महावाणिज्य दूतावास की टीम के साथ सऊदी अरब के हज और उमराह उप-मंत्री डॉ. अब्दुलफत्ताह बिन सुलेमान अल-मशात से मुलाकात की थी। इसके बाद भारतीय अधिकारियों ने जेद्दा हवाई अड्डे के हज टर्मिनल और हरमैन हाई-स्पीड रेलवे स्टेशन का विस्तृत निरीक्षण किया।
उल्लेखनीय है कि ‘हज कमेटी ऑफ इंडिया’ के माध्यम से 1 लाख से अधिक भारतीय तीर्थयात्री यात्रा करते हैं, जिनके आगमन और आगे की आवाजाही के लिए जेद्दा टर्मिनल और हरमैन ट्रेन सेवा बेहद महत्वपूर्ण केंद्र हैं। भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने वहां बुनियादी ढांचे और परिचालन व्यवस्थाओं का जायजा लिया ताकि ‘हज 2027’ की यात्रा को निर्बाध बनाया जा सके।

