उत्तराखंड मंत्री रेखा आर्या के फरार पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, यूपी के झांसी से SIT ने दबोचा
उत्तराखंड मंत्री रेखा आर्या के फरार पति गिरधारी लाल साहू गिरफ्तार, यूपी के झांसी से SIT ने दबोचा
देहरादून:
उत्तराखंड की महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के फरार पति गिरधारी लाल साहू उर्फ ‘पप्पू गिरधारी’ को उत्तराखंड पुलिस की विशेष जांच दल (SIT) ने उत्तर प्रदेश के झांसी शहर से गिरफ्तार कर लिया है। रेखा आर्या ने खुद अपने पति के खिलाफ केस दर्ज कराया था, जिसके बाद से ही वह फरार चल रहे थे। मामले की जानकारी देते हुए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि साहू के अलावा उनके एक अन्य करीबी सतेंद्र राठौर (ठाकुर) को उधम सिंह नगर जिले के किच्छा से गिरफ्तार किया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
गंभीर धाराओं और फर्जीवाड़े का आरोप
एसएसपी डोभाल के अनुसार, साहू के खिलाफ 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में मारपीट, जालसाजी, जातिसूचक टिप्पणियां करने, हत्या की साजिश रचने और SC/ST एक्ट की गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद से ही गैर-जमानती वारंट जारी होने पर पुलिस दोनों राज्यों में दबिश दे रही थी। जांच में पाया गया कि आरोपियों ने फर्जीवाड़ा करके रेखा आर्या को एक कंपनी के निदेशक पद से हटाकर साजिश के तहत साहू के भतीजे को निदेशक बना दिया था। पुलिस के मुताबिक, गिरधारी लाल साहू का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और उनके खिलाफ 44 से अधिक मामले दर्ज हैं।
मंत्री ने वीडियो जारी कर लगाए थे आरोप, पति ने दी थी सफाई
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने अपनी एफआईआर में आरोप लगाया था कि साहू ने 2004 में अपनी पहली शादी और बच्चों की बात छिपाकर उनसे शादी की थी। उन्होंने पति पर स्टाफ के साथ जातिसूचक बदसलूकी करने और हत्या की साजिश रचने के आरोप भी लगाए थे। मंत्री ने रोते हुए सोशल मीडिया पर एक वीडियो और कथित साजिश से जुड़ी ऑडियो क्लिप जारी की थी।
दूसरी ओर, मामला दर्ज होने के बाद साहू ने भी एक वीडियो जारी कर खुद को निर्दोष बताते हुए ऑडियो को ‘एआई’ (AI) निर्मित बताया था। साथ ही उन्होंने मंत्री पर 210 करोड़ रुपये की अवैध संपत्ति का दावा करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से जांच की मांग की थी। हालांकि, पुलिस जांच में आरोप सही पाए जाने के बाद आखिरकार उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

