इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर विवाद: गन कल्चर और नशे को बढ़ावा देने वाले 4 गानों पर रोक का निर्देश
इंदौर में दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट पर विवाद: गन कल्चर और नशे को बढ़ावा देने वाले 4 गानों पर रोक का निर्देश
इंदौर:
पंजाबी सिंगर और एक्टर दिलजीत दोसांझ अपने ‘ऑरा इंडिया टूर 2026’ के तहत एक बार फिर प्रशंसकों के बीच धूम मचा रहे हैं। 30 अक्टूबर को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में भव्य कॉन्सर्ट के बाद अब उनका अगला पड़ाव इंदौर है। हालांकि, 15 नवंबर को इंदौर के C-21 मॉल में आयोजित होने वाले उनके कॉन्सर्ट से पहले विवाद खड़ा हो गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने आयोजकों (मॉल मैनेजर) को नोटिस जारी कर दिलजीत के चार प्रसिद्ध गानों को कॉन्सर्ट में गाने पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं।
इन 4 गानों के गाने पर जताई गई आपत्ति
आयोजकों को पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 2019 के आदेश का हवाला देते हुए शराब, नशे और गन कल्चर को बढ़ावा देने वाले गानों से परहेज करने को कहा गया है। नोटिस के अनुसार, दिलजीत इंदौर कॉन्सर्ट में अपने ये चार हिट नंबर्स नहीं गा सकेंगे:
1. ‘पटियाला पेग’
2. ‘5 तारा ठीके’
3. ‘जीभ विचों लब्बिया’
4. ‘जट्ट उठे फिर करदा’
विभाग का मानना है कि इस तरह के गानों का बच्चों पर नकारात्मक प्रभाव पड़ सकता है।
डॉ. पंडितराव धारेनावर की शिकायत पर कार्रवाई
यह कदम चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धारेनावर की ओर से दर्ज कराई गई शिकायत के बाद उठाया गया है। कॉन्सर्ट में 5 वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति दी गई है, जिसे देखते हुए बच्चों को स्टेज पर न बुलाने और प्रदर्शन के दौरान ‘बुलेट बेल्ट’ न पहनने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस नोटिस की प्रति इंदौर के जिलाधिकारी (DM) और पुलिस कमिश्नर को भी भेजी गई है ताकि नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके। हालांकि, कॉन्सर्ट पर किसी तरह की रोक नहीं लगाई गई है।
दिल्ली कॉन्सर्ट को लेकर हुआ था बड़ा खुलासा
इससे पहले 30 अक्टूबर को दिल्ली में हुए उनके कॉन्सर्ट के दौरान भी सुरक्षा को लेकर तनाव बना हुआ था। हाल ही में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर मेट्रो स्टेशन की दीवारों पर खालिस्तान समर्थक ग्रैफिटी लिखने वाले तीन आरोपियों (जिसमें एक महिला शामिल है) को गिरफ्तार किया था। पुलिस जांच के अनुसार, इन आरोपियों का संबंध प्रतिबंधित संगठन ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ (SFJ) से था और उनकी मंशा दिलजीत के दिल्ली कॉन्सर्ट में खलल डालने की थी।

