उत्तराखंड

शादी में लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करना पड़ा भारी, दूल्हे पर केस दर्ज

शादी में लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करना पड़ा भारी, दूल्हे पर केस दर्ज

हरिद्वार के कनखल क्षेत्र में अपनी ही शादी समारोह में लाइसेंसी पिस्टल से खुलेआम फायरिंग करना एक दूल्हे को भारी पड़ गया। फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

पुलिस के मुताबिक, लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में 26 जुलाई को योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। आरोप है कि समारोह के दौरान योगेश ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति कई राउंड फायर किए। इस दौरान किसी तरह की दुर्घटना नहीं हुई, क्योंकि गोलियां आसमान की ओर चलाई गई थीं।

वीडियो वायरल होने के बाद कनखल पुलिस ने जांच शुरू की। जांच में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, थाना लक्सर के रूप में हुई। पुलिस ने फायरिंग की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।

कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि शादी समारोह के दौरान लाइसेंसी हथियार से बिना अनुमति फायरिंग करना नियमों का उल्लंघन है। मामले में धारा 30 आयुध अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है और जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक समारोहों में लाइसेंसी हथियारों का प्रदर्शन या फायरिंग नहीं करने की अपील की है। सोशल मीडिया पर रौब दिखाने के लिए की गई ऐसी हरकतें कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *