उत्तराखंड

नितिन नवीन की नई टीम में तीरथ सिंह रावत को बड़ी जिम्मेदारी, अनिल बलूनी फिर बने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक

नितिन नवीन की नई टीम में तीरथ सिंह रावत को बड़ी जिम्मेदारी, अनिल बलूनी फिर बने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपनी नई टीम का ऐलान कर दिया है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महामंत्री समेत कई नेताओं को अहम जिम्मेदारियां दी गई हैं। उत्तराखंड से पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया है।

तीरथ सिंह रावत के अलावा राम माधव, वसुंधरा राजे, बैजयंत जय पांडा, डी. पुरंदेश्वरी, रेखा वर्मा, भारती प्रवीण पवार, मनप्रीत सिंह बादल, लाल सिंह आर्य और एम. नागराज समेत कई नेताओं को भी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है।

तीरथ सिंह रावत का राजनीतिक सफर

तीरथ सिंह रावत का जन्म 1 अप्रैल 1964 को पौड़ी गढ़वाल में हुआ था। वह लंबे समय तक राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ और बीजेपी संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वह 2012 से 2017 तक चौबट्टाखाल से विधायक रहे और 2013 में उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष भी बने।

2019 के लोकसभा चुनाव में वह पौड़ी गढ़वाल सीट से सांसद चुने गए थे। इसके बाद त्रिवेंद्र सिंह रावत के मुख्यमंत्री पद से हटने के बाद तीरथ सिंह रावत ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। अब उन्हें बीजेपी की राष्ट्रीय टीम में उपाध्यक्ष बनाया गया है।

उत्तराखंड से चार नेताओं को मिली जिम्मेदारी

नितिन नवीन की टीम में उत्तराखंड से कुल चार नेताओं को अहम जिम्मेदारी मिली है। इनमें तीरथ सिंह रावत, पौड़ी गढ़वाल से सांसद अनिल बलूनी, महेंद्र पांडेय और आलोक भट्ट शामिल हैं।

सबसे खास नियुक्ति अनिल बलूनी की मानी जा रही है। उन्हें लगातार तीसरी बार बीजेपी का राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है। इससे पहले अमित शाह और जेपी नड्डा की राष्ट्रीय टीम में भी बलूनी इसी जिम्मेदारी को संभाल चुके हैं।

2017 से राष्ट्रीय मीडिया की जिम्मेदारी

अनिल बलूनी को पहली बार 31 मार्च 2017 को तत्कालीन बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने राष्ट्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त किया था। इसके बाद जेपी नड्डा की टीम में भी उन्होंने यह जिम्मेदारी निभाई। अब नितिन नवीन की टीम में भी उन्हें राष्ट्रीय मीडिया संयोजक बनाया गया है।

बलूनी ने जिम्मेदारी मिलने पर कहा कि मीडिया और संचार लोकतंत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने पार्टी की विचारधारा और नीतियों को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने तथा मीडिया प्रबंधन को अधिक पेशेवर और तकनीकी बनाने की बात कही।

आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए भी बीजेपी की नई मीडिया टीम की भूमिका अहम मानी जा रही है। खासकर उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड समेत कई राज्यों में 2027 में विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में अनिल बलूनी को लगातार तीसरी बार राष्ट्रीय मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी मिलना पार्टी की संचार रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *