कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, मंडावर में बनेगा समुद्र मंथन थीम पर भव्य स्वागत द्वार
कुंभ 2027 की तैयारियां तेज, मंडावर में बनेगा समुद्र मंथन थीम पर भव्य स्वागत द्वार
कांवड़ मेले के समापन के बाद हरिद्वार कुंभ मेला प्रशासन ने आगामी कुंभ की तैयारियों को तेज कर दिया है। उत्तर प्रदेश की सीमा पर मंडावर-छुटमलपुर में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए भव्य प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है। इस द्वार को समुद्र मंथन की पौराणिक कथा और कुंभ की आध्यात्मिक परंपरा की थीम पर तैयार किया जाएगा।
राज्य सरकार ने इस परियोजना के लिए 204.19 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। करीब साढ़े छह मीटर ऊंचे इस स्वागत द्वार को हरिद्वार पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए भव्य प्रवेश बिंदु के तौर पर विकसित किया जा रहा है। इसके आसपास के क्षेत्र का भी सौंदर्यीकरण कराया जाएगा, ताकि कुंभ क्षेत्र में प्रवेश करते ही श्रद्धालुओं को धार्मिक और उत्सवपूर्ण वातावरण का अनुभव हो।
समुद्र मंथन की दिखेगी झलक
कुंभ मेलाधिकारी सोनिका ने बताया कि समुद्र मंथन की कथा कुंभ पर्व की धार्मिक मान्यताओं से गहराई से जुड़ी है। इसी कथा में अमृत कलश की अवधारणा का उल्लेख मिलता है। ऐसे में इस थीम पर तैयार किया जा रहा प्रवेश द्वार कुंभ की आध्यात्मिक यात्रा और हरिद्वार की धार्मिक-सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक बनेगा।
मंडावर मार्ग उत्तर प्रदेश के साथ-साथ हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए हरिद्वार पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों में शामिल है। ऐसे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं को कुंभ नगरी में प्रवेश करते समय यह भव्य स्वागत द्वार दिखाई देगा।
दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य
कुंभ मेलाधिकारी ने बताया कि स्वागत द्वार का निर्माण कार्य शुरू हो चुका है और इसे दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण कर अधिकारियों को निर्माण में गुणवत्ता और समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने निर्माण कार्य की नियमित निगरानी करने और निर्धारित मानकों के अनुसार काम सुनिश्चित करने को भी कहा। प्रशासन का कहना है कि कुंभ से पहले प्रवेश मार्गों और प्रमुख स्थलों को आकर्षक स्वरूप देने के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
