उत्तराखंड

एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ, CM धामी बोले- उत्तराखंड बनेगा आइस स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र

एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ, CM धामी बोले- उत्तराखंड बनेगा आइस स्पोर्ट्स का प्रमुख केंद्र

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने देश-विदेश से पहुंचे खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और अधिकारियों का उत्तराखंड में स्वागत करते हुए प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के लिए यह गौरव की बात है कि प्रदेश को इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन उत्तराखंड की पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शीतकालीन और आइस स्पोर्ट्स के अनुकूल गंतव्य के रूप में मजबूत करेंगे। खेल विभिन्न देशों को जोड़ने के साथ मित्रता, सद्भाव और खेल भावना को भी बढ़ावा देते हैं।

खेल भावना को बताया असली सफलता

सीएम धामी ने कहा कि जीत और हार खेल का हिस्सा हैं, लेकिन वास्तविक सफलता अनुशासन, समर्पण, खेल भावना और कभी हार न मानने की दृढ़ इच्छाशक्ति में है। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ी शानदार प्रदर्शन के साथ खेल भावना की भी मिसाल पेश करेंगे।

उन्होंने आयोजन से जुड़े आयोजकों, प्रशिक्षकों, तकनीकी अधिकारियों और सहयोगियों को प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बधाई दी। मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करने के साथ उत्तराखंड में स्पोर्ट्स टूरिज्म की संभावनाओं को भी बढ़ावा देते हैं।

38वें राष्ट्रीय खेलों से मजबूत हुआ खेल इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों को लेकर सकारात्मक माहौल बना है। ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसे अभियानों से खेल संस्कृति को मजबूती मिली है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में पिछले वर्ष 38वें राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन हुआ, जिससे प्रदेश में आधुनिक और विश्वस्तरीय खेल अवस्थापना का मजबूत आधार तैयार हुआ। इसी के चलते अब उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं की मेजबानी करने में सक्षम हो रहा है।

आठ शहरों में बनेंगी 23 खेल अकादमियां

सीएम धामी ने कहा कि प्रदेश में स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू करने की दिशा में तेजी से काम चल रहा है। इसके तहत आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियां स्थापित की जाएंगी। खिलाड़ियों को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के साथ हल्द्वानी में प्रदेश के पहले खेल विश्वविद्यालय की स्थापना पर भी काम जारी है। लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज शुरू हो चुका है।

उन्होंने कहा कि नई खेल नीति के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को सरकारी सेवा में अवसर दिए जा रहे हैं। इसके अलावा खेल छात्रवृत्ति, आवासीय स्पोर्ट्स कॉलेजों में निशुल्क शिक्षा एवं प्रशिक्षण और विभिन्न खिलाड़ी प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए प्रतिभाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है।

विंटर और आइस स्पोर्ट्स पर विशेष जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार पारंपरिक खेलों के साथ वॉटर स्पोर्ट्स, एडवेंचर स्पोर्ट्स, विंटर स्पोर्ट्स और आइस स्पोर्ट्स को भी बढ़ावा दे रही है। लक्ष्य है कि उत्तराखंड को देश और दुनिया के खिलाड़ियों के लिए पसंदीदा खेल प्रशिक्षण केंद्र के रूप में विकसित किया जाए।

एशियन ओपन शॉर्ट ट्रैक स्पीड स्केटिंग ट्रॉफी 2026 का आयोजन 17 से 20 अगस्त तक महाराणा प्रताप स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, देहरादून में किया जा रहा है।

कार्यक्रम में विधायक उमेश शर्मा काऊ, एशियन स्केटिंग यूनियन के अध्यक्ष म्योंग ही चांग, आइस स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया के अध्यक्ष अमिताभ शर्मा, विशेष प्रमुख सचिव खेल अमित सिन्हा, निदेशक खेल दीप्ति सिंह समेत अन्य गणमान्य मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *