उत्तराखंड

IMC खुरपिया के विकास को लेकर CM धामी का स्पष्ट विजन, दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा करने का लक्ष्य

IMC खुरपिया के विकास को लेकर CM धामी का स्पष्ट विजन, दिसंबर 2028 तक ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर पूरा करने का लक्ष्य

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (IMC) खुरपिया के विकास कार्यों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने पर जोर दिया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना उत्तराखंड में औद्योगिक निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री आवास से नई दिल्ली में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की अध्यक्षता में आयोजित राष्ट्रीय औद्योगिक कॉरिडोर विकास एवं कार्यान्वयन ट्रस्ट (NICDIT) की तीसरी शीर्ष मॉनिटरिंग बैठक में वर्चुअल प्रतिभाग किया। बैठक में देशभर की औद्योगिक कॉरिडोर परियोजनाओं की प्रगति और आधारभूत सुविधाओं के विकास की समीक्षा की गई।

1,002 एकड़ भूमि NUITL के कब्जे में

बैठक में सीएम धामी ने बताया कि IMC खुरपिया के लिए निर्धारित 1,002 एकड़ भूमि पूरी तरह NUITL के कब्जे में है और परियोजना स्थल पर फिलहाल किसी तरह की बाधा नहीं है। इससे निर्माण कार्य को तय समयसीमा के अनुसार आगे बढ़ाने का रास्ता साफ हो गया है।

उन्होंने बताया कि परियोजना के लिए 20 मार्च 2026 को EPC अनुबंध किया जा चुका है और निर्माण कार्य भी शुरू हो गया है। परियोजना के तहत 24.1 किलोमीटर Right of Way (ROW) क्लियर कर EPC ठेकेदार को उपलब्ध कराया जा चुका है। इसके बाद सड़क निर्माण सहित अन्य जरूरी कार्यों में तेजी आई है।

नागला-किच्छा SH-44 का होगा फोरलेन विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि IMC खुरपिया की सफलता के लिए मजबूत बाहरी कनेक्टिविटी और विश्वसनीय बिजली आपूर्ति बेहद जरूरी है। इसी को ध्यान में रखते हुए बाह्य अवसंरचना के विकास पर विशेष फोकस किया जा रहा है।

राज्य सरकार द्वारा नागला-किच्छा SH-44 के करीब 10.7 किलोमीटर हिस्से को फोरलेन करने के लिए आवश्यक समन्वय और कार्रवाई की जा रही है। इससे औद्योगिक क्लस्टर की सड़क कनेक्टिविटी बेहतर होने के साथ क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र पर भी जोर

IMC खुरपिया में स्थापित होने वाली औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली उपलब्ध कराने के लिए PITCUL द्वारा 400/220 केवी विद्युत उपकेंद्र के निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क और बिजली जैसी बुनियादी सुविधाएं औद्योगिक क्लस्टर के लिए मजबूत आधार तैयार करेंगी।

दिसंबर 2028 तक पूरा होगा ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर

मुख्यमंत्री ने बताया कि IMC खुरपिया के ट्रंक इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों को दिसंबर 2028 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को परियोजना के प्रत्येक चरण की लगातार निगरानी करने और विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और गति दोनों का ध्यान रखा जाना चाहिए तथा किसी भी स्तर पर अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए।

निवेश और रोजगार के नए अवसर

सीएम धामी ने कहा कि IMC खुरपिया उत्तराखंड में औद्योगिक निवेश आकर्षित करने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और कौशल विकास के नए अवसर पैदा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। सरकार का प्रयास है कि परियोजना के साथ स्थानीय युवाओं को भी रोजगार और प्रशिक्षण के अवसर मिलें।

उन्होंने भारत सरकार और NICDIT/NICDC की ओर से गठित SPV से परियोजना के सफल और समयबद्ध क्रियान्वयन के लिए आवश्यक सहयोग एवं समन्वय की अपेक्षा जताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य के समन्वित प्रयासों से IMC खुरपिया को आधुनिक, प्रतिस्पर्धी और निवेश-अनुकूल औद्योगिक केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।

इस अवसर पर सचिव विनय शंकर पांडेय भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *