उत्तराखंड

मानसून में आपदा से निपटने की तैयारियों पर मंत्री सख्त, बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश

मानसून में आपदा से निपटने की तैयारियों पर मंत्री सख्त, बंद सड़कों को जल्द खोलने के निर्देश

मानसून की बारिश के बीच उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने साफ कहा कि आपदा के समय राहत और बचाव कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंत्री ने जिले के संवेदनशील इलाकों, बंद सड़कों, जेसीबी और अन्य मशीनरी की उपलब्धता के साथ एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और क्यूआरटी की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सड़क बंद होते ही संबंधित मशीनों को तुरंत मौके पर भेजा जाए, ताकि मलबा हटाकर यातायात जल्द बहाल किया जा सके।

अगस्त्यमुनि, तिलवाड़ा समेत कई बाजार क्षेत्रों में जलभराव की समस्या पर भी उन्होंने अधिकारियों को स्थायी ड्रेनेज प्लान तैयार करने के निर्देश दिए। मंत्री ने कहा कि हर साल बारिश में होने वाले जलभराव का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए।

बैठक में पीपलकोटी में हुई हालिया टनल दुर्घटना का भी जिक्र हुआ। मंत्री ने आपदा प्रबंधन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए नियमित प्रशिक्षण और मॉक ड्रिल कराने पर जोर दिया।

उन्होंने अधिकारियों को खराब मौसम के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखने और सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य समेत जरूरी सेवाओं में किसी भी तरह की बाधा आने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही केदारनाथ यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *