चमोली टनल हादसा: मंत्री मदन कौशिक ने पीपलकोटी पहुंचकर श्रमिकों की सुनी समस्याएं, सहायता का दिया भरोसा
चमोली टनल हादसा: मंत्री मदन कौशिक ने पीपलकोटी पहुंचकर श्रमिकों की सुनी समस्याएं, सहायता का दिया भरोसा
चमोली: उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास मंत्री मदन कौशिक शनिवार, 15 अगस्त को चमोली जिले के पीपलकोटी पहुंचे। यहां उन्होंने टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में हुए हादसे का जायजा लिया और राहत एवं बचाव कार्यों की जानकारी ली। मंत्री ने श्रमिक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात कर उनकी समस्याएं और मांगें भी सुनीं।
प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की मांग
श्रमिक प्रतिनिधिमंडल ने मंत्री के सामने हादसे से प्रभावित परिवारों के लिए उचित आर्थिक सहायता और आजीविका की दीर्घकालिक व्यवस्था करने की मांग रखी। इसके साथ ही घायल श्रमिकों को आर्थिक मदद और नि:शुल्क उपचार उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।
प्रतिनिधियों ने हादसे की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी मंत्री के सामने रखी।
‘श्रमिकों की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता’
मदन कौशिक ने श्रमिक प्रतिनिधियों की बात गंभीरता से सुनी। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा और उनके हित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में हैं। हादसे से प्रभावित श्रमिकों और उनके परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
मंत्री ने अधिकारियों से श्रमिकों की ओर से रखी गई मांगों और मौके पर की जा रही व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
घायलों के उपचार और परिजनों की मदद पर जोर
मदन कौशिक ने कहा कि राहत एवं बचाव अभियान के साथ-साथ प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों की जरूरतों का भी ध्यान रखा जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि घायलों के उपचार, प्रभावित परिवारों से समन्वय और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने में किसी तरह की कमी नहीं होनी चाहिए।
टनल हादसे में दो मजदूर अभी भी लापता
गौरतलब है कि 13 अगस्त की शाम पीपलकोटी में टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में भूस्खलन के बाद पानी और मलबा भर गया था। हादसे के वक्त टनल में 22 मजदूर मौजूद थे। प्रशासन के अनुसार कई श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया, जबकि हादसे में आठ मजदूरों की मौत हुई है और दो मजदूर अभी भी लापता हैं। उनकी तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान जारी है।
राज्य सरकार ने हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
ये अधिकारी रहे मौजूद
मंत्री के निरीक्षण के दौरान थराली विधायक भूपाल राम टम्टा, भाजपा महामंत्री विनोद कनवासी, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, टीएचडीसी के अधिकारी और श्रमिक प्रतिनिधिमंडल के सदस्य मौजूद रहे।
