उत्तराखंड

स्वतंत्रता दिवस से पहले देहरादून में 75 वर्षीय महिला से चेन लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

स्वतंत्रता दिवस से पहले देहरादून में 75 वर्षीय महिला से चेन लूट, CCTV में कैद हुई वारदात

देहरादून: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शहर में कड़ी सुरक्षा और जगह-जगह चेकिंग के बावजूद चेन लूट की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। वसंत विहार फेज-2 में एक्टिवा सवार बदमाश ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातचीत के बहाने रोककर उसके गले से चेन झपट ली। वारदात के दौरान हुई धक्का-मुक्की में महिला सड़क पर गिर गई। पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

बातचीत के बहाने रोका, फिर झपटी चेन

पुलिस को दी गई शिकायत के मुताबिक, बुजुर्ग महिला शाम के समय लाठी के सहारे टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। आरोपी कुछ दूर जाने के बाद वापस लौटा और महिला के पास एक्टिवा रोककर उनसे बातचीत करने लगा।

बातचीत के दौरान युवक ने अचानक महिला के गले से चेन झपट ली और मौके से भागने लगा। चेन छीनने के दौरान हुई जोर-जबरदस्ती में महिला सड़क पर गिर गई। इसके बाद आरोपी एक्टिवा से फरार हो गया।

बेटे की शिकायत पर मुकदमा दर्ज

घटना के बाद बुजुर्ग महिला के बेटे ने वसंत विहार थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल एक्टिवा पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी, जबकि CCTV फुटेज में आरोपी की गतिविधियां कैद हुई हैं।

तीन पुलिस टीमें जांच में जुटीं

वसंत विहार थाना प्रभारी सेंकी सिंह ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। टीमें घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं।

उन्होंने बताया कि बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा और आरोपी के हुलिए के आधार पर भी उसकी तलाश की जा रही है।

स्वतंत्रता दिवस की सुरक्षा के बीच वारदात

स्वतंत्रता दिवस को लेकर देहरादून में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई हुई है। प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे में वसंत विहार जैसे इलाके में बुजुर्ग महिला से चेन लूट की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने की कोशिश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *