सर्जरी के बाद सामने आई राम चरण की पहली तस्वीर, चेहरे पर मुस्कान देख फैंस ने ली राहत की सांस
सर्जरी के बाद सामने आई राम चरण की पहली तस्वीर, चेहरे पर मुस्कान देख फैंस ने ली राहत की सांस
चेन्नई:
दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार राम चरण के प्रशंसकों के लिए एक बेहद राहत भरी खबर सामने आई है। अपनी आगामी फिल्म ‘पेड्डी’ की शूटिंग के दौरान दुर्घटना का शिकार हुए अभिनेता अब तेजी से ठीक हो रहे हैं। तमिलनाडु के कोयंबटूर स्थित गंगा अस्पताल में उनके हाथ की सफल लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की गई है। ऑपरेशन के बाद अस्पताल के बिस्तर से राम चरण की पहली तस्वीर सोशल मीडिया पर सामने आई है, जिसमें वे डॉक्टरों की टीम के साथ मुस्कुराते नजर आ रहे हैं। इस तस्वीर के आते ही इंटरनेट पर ‘Get Well Soon Ram Charan’ ट्रेंड करने लगा।
कठिन एक्शन सीन के दौरान लगी थी कलाई में चोट:
रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ‘पेड्डी’ के एक मुश्किल एक्शन सीन की शूटिंग के दौरान राम चरण की दाहिनी कलाई में गंभीर चोट आ गई थी। दर्द के बावजूद उन्होंने पेशेवर प्रतिबद्धता निभाते हुए पहले से तय प्रमोशन वर्क पूरा किया और बाद में डॉक्टरों की सलाह पर सर्जरी कराई। डॉक्टरों की विशेष टीम, जिसकी कमान अस्पताल प्रमुख डॉ. एस राजशेखरन संभाल रहे थे, ने इस जटिल ऑपरेशन को सफलता से पूरा किया। सर्जरी के दौरान उनके पिता चिरंजीवी, मां सुरेखा और पत्नी उपासना अस्पताल में ही मौजूद रहे।
मेकर्स ने जताया आभार, 8 हफ्ते तक रेस्ट की सलाह:
फिल्म के प्रोडक्शन हाउस ‘वृद्धि सिनेमा’ ने आधिकारिक बयान जारी कर कलाई में तेज दर्द के बावजूद शूटिंग पूरी करने के लिए राम चरण के समर्पण और पेशेवर रवैये की सराहना की। डॉक्टरों ने अभिनेता को लगभग आठ हफ्तों तक पूर्ण विश्राम करने की सलाह दी है। पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद वे निर्देशक सुकुमार के साथ अपने अगले चर्चित प्रोजेक्ट ‘RC17’ पर काम शुरू करेंगे।
