छात्र प्रदर्शन बयान विवाद: कंगना रनौत ने वीडियो जारी कर दी सफाई, कहा- अश्लीलता और अमर्यादित व्यवहार समाज में स्वीकार्य नहीं
छात्र प्रदर्शन बयान विवाद: कंगना रनौत ने वीडियो जारी कर दी सफाई, कहा- अश्लीलता और अमर्यादित व्यवहार समाज में स्वीकार्य नहीं
नई दिल्ली:
अभिनेत्री और सांसद कंगना रनौत के छात्र विरोध प्रदर्शन को लेकर दिए गए हालिया बयान पर बढ़ा विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मामले के तूल पकड़ने के बाद कंगना ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो संदेश जारी कर अपनी सफाई दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने केवल सार्वजनिक स्थानों पर प्रदर्शनकारियों के ‘अनैतिक’ और ‘अमर्यादित’ व्यवहार पर आपत्ति जताई थी, जिसे किसी भी सभ्य समाज में सामान्य नहीं माना जा सकता।
मीडिया और फेमिनिस्टों पर साधा निशाना:
कंगना ने मीडिया पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि टीआरपी और व्यूज की होड़ में उनके सकारात्मक बयानों को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया। उन्होंने कहा कि उन्होंने हमेशा युवाओं, नीट (NEET) के छात्रों और स्काईरूट एयरोस्पेस की उपलब्धियों की तारीफ की है। वहीं, आलोचना करने वालों को जवाब देते हुए उन्होंने कहा कि आजादी का मतलब दूसरों की आस्था, सम्मान और निजता को ठेस पहुंचाना नहीं है। सार्वजनिक स्थानों पर माता-पिता, आराध्य देव या प्रधानमंत्री का अपमान करना कोई ‘कूल’ बात नहीं, बल्कि अभद्रता है।
मर्यादा में रहने का दिया संदेश:
कंगना ने कहा कि कार्यस्थल और समाज में रहने के लिए मर्यादाओं का पालन आवश्यक है; अनियंत्रित आचरण व्यक्ति के भविष्य को अंधकार में धकेल सकता है। मानव जीवन का उद्देश्य विकसित (Evolve) होना है, न कि ऐसा रास्ता चुनना जो जेल की तरफ ले जाए। वीडियो के अंत में उन्होंने गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए सभी को गुरुओं के ज्ञान के मार्ग पर चलने और एक बेहतर इंसान बनने का संदेश दिया।
