खेल

भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर जीता FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप का खिताब, नकद पुरस्कार का हुआ ऐलान  

भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हराकर जीता FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप का खिताब, नकद पुरस्कार का हुआ ऐलान  

​मस्कट में आयोजित FIH यूथ हॉकी5s एशियन चैंपियनशिप के फाइनल मुकाबले में भारतीय सब-जूनियर पुरुष हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को 3-1 से हरा दिया। इस खिताबी जीत के साथ भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अजेय रहते हुए ट्रॉफी अपने नाम की और एलीट पूल टेबल पर भी शीर्ष स्थान हासिल किया।

​मैच का रोमांच और गोल करने वाले खिलाड़ी

​भारतीय टीम ने मैच की शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा। रोमित पाल ने खेल के 5वें मिनट में गोल कर भारत को 1-0 की बढ़त दिलाई। इसके बाद दूसरे हाफ में कप्तान केतन कुशवाहा ने 12वें मिनट और शाहरुख अली ने 13वें मिनट में दनादन गोल कर भारत की बढ़त 3-0 कर दी। पाकिस्तान की ओर से मोहम्मद उस्मान ने 16वें मिनट में एकमात्र गोल दागा, लेकिन इसके बाद भारतीय रक्षापंक्ति ने उन्हें कोई मौका नहीं दिया। फाइनल में पहुंचने के साथ ही भारत और पाकिस्तान दोनों ने एफआईएच यूथ हॉकी5s वर्ल्ड कप के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है।

​हॉकी इंडिया ने किया नकद पुरस्कारों का ऐलान

​इस ऐतिहासिक खिताबी जीत के बाद हॉकी इंडिया ने विजेता पुरुष टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 2 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ के प्रत्येक सदस्य को 1 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की। वहीं, महिला वर्ग के फाइनल में चीन के खिलाफ 2-4 से हारकर रजत पदक जीतने वाली भारतीय सब-जूनियर महिला हॉकी टीम के प्रत्येक खिलाड़ी को 1 लाख रुपये और सपोर्ट स्टाफ को 50 हजार रुपये देने का ऐलान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *