असम में बाढ़ से हाहाकार: भारतीय सेना ने शुरू किया ‘ऑपरेशन जल राहत III’, 150 से अधिक लोग सुरक्षित निकाले गए
असम में बाढ़ से हाहाकार: भारतीय सेना ने शुरू किया ‘ऑपरेशन जल राहत III’, 150 से अधिक लोग सुरक्षित निकाले गए
असम में जारी मूसलाधार बारिश और भीषण बाढ़ के बीच भारतीय सेना ने राहत और बचाव कार्यों के लिए मदद का हाथ बढ़ाया है। राज्य प्रशासन के अनुरोध पर सेना ने बाढ़ प्रभावित जिलों—शिवसागर, जोरहाट और चराइदेव में ‘ऑपरेशन जल राहत III’ की शुरुआत की है।
सेना की 3 विशेष टुकड़ियां और ETF तैनात
बाढ़ में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए सेना के ऑपरेशनल कंट्रोल के तहत बाढ़ राहत की तीन विशेष टुकड़ियां तैनात की गई हैं, जिन्हें इंजीनियर टास्क फोर्स (ETF) का भी पूरा सहयोग मिल रहा है:
शिवसागर जिला: गार्गाँव कॉलेज से सेना की टुकड़ियां काम कर रही हैं और स्थानीय नागरिक प्रशासन के साथ मिलकर पीड़ितों की मदद में जुटी हैं।
जोरहाट जिला: सेना की एक टुकड़ी को मारियानी में तैनात किया गया है, जो जिला प्रशासन के तालमेल के साथ स्टैंडबाय पर है। त्वरित एक्शन के लिए एक अतिरिक्त रिजर्व टीम भी बनाई गई है।
चराइदेव जिला: इंजीनियर टास्क फोर्स और क्विक रिएक्शन टीम (QRT) की मदद से सैनिकों ने पानी में डूबे इलाकों से 150 नागरिकों (73 पुरुष, 47 महिलाएं और 30 बच्चे) को सुरक्षित बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया है।
