उत्तराखंड

चमोली में सीएम पुष्कर सिंह धामी का भव्य रोड शो; ₹155.36 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, बद्रीनाथ चोरी मामले पर कड़ा रुख

चमोली में सीएम पुष्कर सिंह धामी का भव्य रोड शो; ₹155.36 करोड़ की योजनाओं की दी सौगात, बद्रीनाथ चोरी मामले पर कड़ा रुख

​गोपेश्वर (चमोली): उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के गोपेश्वर आगमन पर पूरे नगर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ पखवाड़े के तहत आयोजित ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे मुख्यमंत्री का स्थानीय जनता, मातृशक्ति और युवाओं ने ऐतिहासिक स्वागत किया। बस अड्डे से पुलिस लाइन मैदान तक आयोजित भव्य रोड शो में हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उमड़ पड़े।

​चमोली जनपद को ₹155.36 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

​मुख्यमंत्री ने चमोली जिले के बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन को मजबूती देने के लिए कुल 155.36 करोड़ रुपये की 63 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया:

​शिलान्यास (₹113.99 करोड़ की 36 योजनाएं): इसमें जोशीमठ-नीति मार्ग के जुग्जू में स्टील ट्रस पुल (₹4.34 करोड़), लंगसी-तपोवन मार्ग पर लोह सेतु (₹9.62 करोड़), मॉडल राजकीय पशु चिकित्सालय नंदप्रयाग (₹4.36 करोड़), गोपेश्वर-पोखरी-बछेर मोटर मार्ग (₹4.71 करोड़) सहित विभिन्न बाढ़ सुरक्षा और सिंचाई परियोजनाएं शामिल हैं।

​लोकार्पण (₹41.37 करोड़ की 27 योजनाएं): इसमें कुलसारी-गैरवारम मोटर मार्ग अपग्रेडेशन (₹9.32 करोड़), लोल्टी-पास्तोली मार्ग (₹7.75 करोड़), तेफना-कण्डारा मार्ग (₹5.63 करोड़), बैरागना ट्राउट इंडोर हैचरी (₹3.50 करोड़) और स्पोर्ट्स स्टेडियम गोपेश्वर में बैडमिंटन हॉल (₹2.45 करोड़) जैसी पूर्ण हो चुकी योजनाएं जनता को समर्पित की गईं।

​जनसभा में मुख्यमंत्री के संबोधन के प्रमुख बिंदु:

​जनता के द्वार पर प्रशासन: सीएम धामी ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य लोगों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर कटवाना नहीं, बल्कि शासन को खुद जनता के दरवाजे पर ले जाना है। चमोली में अब तक 13 शिविरों के माध्यम से 752 में से 683 शिकायतों का मौके पर ही निपटारा किया गया है।

​महिला सशक्तिकरण और लखपति दीदी: चमोली जिले की 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों (SHGs) से जुड़ चुकी हैं, जिनमें से 25 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं।

​उत्तराखंड की ऐतिहासिक उपलब्धियां: राज्य में रिवर्स पलायन शुरू हो चुका है और युवा स्वरोजगार की ओर बढ़ रहे हैं। सरकार ने समान नागरिक संहिता (UCC), सख्त नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू कर ऐतिहासिक मिसाल पेश की है। पारदर्शी व्यवस्था के तहत 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं।

​ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल और हेली सेवा: ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। वहीं, आपातकालीन हेली एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से वर्ष 2024 से अब तक चमोली के 76 गंभीर मरीजों का जीवन बचाया गया है।

​”बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा”

​जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बद्रीनाथ धाम में हुई चोरी की घटना पर बेहद कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा:

​”बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण एक अत्यंत गंभीर मामला है। हमारी सरकार इस संवेदनशील विषय पर किसी भी प्रकार की राजनीति बर्दाश्त नहीं करेगी। मामले की जांच तेजी से चल रही है, अपराधियों को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ ऐसी कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी जो एक नजीर बनेगी।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *