उत्तराखंड

हरिद्वार की प्रसिद्ध आवाज ‘भंडारा किंग’ रमाशंकर गुप्ता का निधन, हर की पैड़ी के पास टॉयलेट से मिला शव

हरिद्वार की प्रसिद्ध आवाज ‘भंडारा किंग’ रमाशंकर गुप्ता का निधन, हर की पैड़ी के पास टॉयलेट से मिला शव

​हरिद्वार: हर की पैड़ी पर आने वाले श्रद्धालुओं के बीच ‘भंडारा किंग’ के नाम से मशहूर रमाशंकर गुप्ता का संदिग्ध परिस्थितियों में निधन हो गया है। बीते गुरुवार को हर की पैड़ी के पास स्थित एक सार्वजनिक शौचालय से उनका शव बरामद हुआ। रमाशंकर गुप्ता पिछले कई वर्षों से शिव सेतु के पास भंडारे का खाना और सामान बेचने का काम करते थे और सोशल मीडिया पर अपने अनोखे अंदाज के कारण काफी लोकप्रिय थे।

​हमेशा के लिए खामोश हुई ‘भंडारा कर दो बाबूजी’ की आवाज

​हर की पैड़ी और शिव सेतु के पास से गुजरने वाले श्रद्धालुओं के कानों में अब “भंडारा कर दो बाबूजी, 100 में पांच बाबा, 200 रुपये में 11 बाबा खाएंगे…” की आवाज कभी सुनाई नहीं देगी। रमाशंकर गुप्ता इसी अंदाज में श्रद्धालुओं को आवाज लगाकर भंडारे का सामान बेचा करते थे। उनके इसी खास अंदाज को सोशल मीडिया ने खूब पसंद किया और उन्हें ‘भंडारा किंग’ का नाम दिया।

​शुक्रवार को सोशल मीडिया पर रमाशंकर गुप्ता के निधन की खबरें और उनकी पुरानी वीडियो-पोस्ट तेजी से वायरल होती रहीं, जिसके बाद पुलिस ने शव की शिनाख्त की।

​शिनाख्त न होने के कारण मोर्चरी में रखा गया शव

​चूंकि हरिद्वार में रमाशंकर गुप्ता का कोई तात्कालिक रिश्तेदार या परिवार का सदस्य मौके पर मौजूद नहीं था, इसलिए शुरुआत में शव की पहचान करने में समय लगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस नियमों के अनुसार 72 घंटे का समय पूरा होने के बाद यानी रविवार को शव का पोस्टमार्टम कराएगी।

​पुलिस का बयान: परिजनों की तलाश जारी

​”हरकी पैड़ी के पास एक सार्वजनिक शौचालय से एक अज्ञात शव बरामद हुआ था, जिसे कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया था। जांच और सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट के बाद मृतक की शिनाख्त रमाशंकर के रूप में हुई है, जो हरकी पैड़ी क्षेत्र में ही रहकर भंडारे का काम करते थे। फिलहाल मृतक के परिजनों और उनके मूल निवास के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।”

— कुंदन सिंह राणा, नगर कोतवाली प्रभारी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *