राजनीति

झारखंड राज्यसभा चुनाव: बीजेपी समर्थित परिमल नाथवानी और जेएमएम के बैद्यनाथ राम जीते, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

झारखंड राज्यसभा चुनाव: बीजेपी समर्थित परिमल नाथवानी और जेएमएम के बैद्यनाथ राम जीते, कांग्रेस को लगा बड़ा झटका

​रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए हुए बेहद दिलचस्प और कड़े मुकाबले के नतीजे सामने आ गए हैं। इस चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) समर्थित निर्दलीय उम्मीदवार परिमल नाथवानी और झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के उम्मीदवार बैद्यनाथ राम ने शानदार जीत दर्ज की है। वहीं, दोनों सीटों पर जीत का दावा करने वाले विपक्षी ‘इंडिया’ (INDIA) गठबंधन को दूसरी सीट पर करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है।

​भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट कर एनडीए समर्थित प्रत्याशी परिमल नाथवानी को जीत की बधाई दी। उन्होंने बताया कि नाथवानी को कुल 28 मत मिले, जबकि उनके सामने मैदान में उतरे कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा केवल 20 वोट ही हासिल कर सके। इसके चलते विपक्ष का दूसरा उम्मीदवार जिताने का गणित पूरी तरह फेल हो गया।

​चौथी बार उच्च सदन पहुंचेंगे परिमल नाथवानी

​अपनी जीत पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उद्योगपति और नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद परिमल नाथवानी ने झारखंड की जनता और विधायकों का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि राज्यसभा सदस्य के तौर पर चौथे कार्यकाल के लिए सेवा करने का अवसर मिलना उनके लिए एक भावुक पल है। यह झारखंड से उनका तीसरा कार्यकाल होगा, जहां से 2008 में उनकी संसदीय यात्रा शुरू हुई थी।

​बता दें कि परिमल नाथवानी देश के बड़े कॉर्पोरेट चेहरों में से एक हैं। वह रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) में कॉपोरेट अफेयर्स के निदेशक और मुकेश अंबानी के बेहद करीबी सहयोगी हैं। वह इससे पहले 2008 और 2014 में झारखंड से और 2020 में आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सांसद रह चुके हैं।

​जेएमएम के कड्‌डावर नेता बैद्यनाथ राम की भी आसान जीत

​झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) के कद्दावर नेता और विधायक बैद्यनाथ राम ने उम्मीद के मुताबिक अपनी सीट पर आसानी से जीत दर्ज की। बैद्यनाथ राम झारखंड के प्रमुख अनुसूचित जाति (SC) नेताओं में गिने जाते हैं और वह राज्य सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से टिकट न मिलने पर उन्होंने जेएमएम का दामन थामा था। उनकी जीत के साथ जेएमएम ने विधानसभा में अपनी मजबूत संख्या बल का सफल प्रदर्शन किया है।

​दिग्गजों ने किया मतदान, दावों की खुली पोल

​झारखंड विधानसभा की 81 सीटों के लिए सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान हुआ। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, भाजपा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल, कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव सहित तमाम विधायकों ने कतार में लगकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

​वोटिंग के दौरान जेएमएम और कांग्रेस के नेताओं ने दोनों सीटें जीतने का दावा किया था, लेकिन क्रॉस वोटिंग और विपक्षी खेमे में लगी सेंध ने ‘इंडिया’ गठबंधन के दावों की पोल खोल दी और एनडीए समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी ने बाजी मार ली।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *