Thursday, September 10, 2026
Latest:
राष्ट्रीय

पीएम मोदी बोले- फिनटेक सेक्टर विकसित भारत के लिए अहम, यूपीआई को बताया बड़ा चैंपियन

पीएम मोदी बोले- फिनटेक सेक्टर विकसित भारत के लिए अहम, यूपीआई को बताया बड़ा चैंपियन

मुंबई में ग्लोबल फिनटेक फेस्ट का उद्घाटन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मुंबई में ‘ग्लोबल फिनटेक फेस्ट 2026’ का उद्घाटन किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह लगातार तीसरा साल है जब वह फिनटेक फेस्ट में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने इसे ‘हैट्रिक’ बताते हुए कहा कि यह इस बात का संकेत है कि विकसित भारत के निर्माण में फिनटेक क्षेत्र और इससे जुड़े लोगों की भूमिका कितनी महत्वपूर्ण है।

पीएम मोदी ने कहा कि हर साल इस कार्यक्रम में उन्हें पहले से ज्यादा युवा और ऊर्जा दिखाई देती है। इससे विकसित भारत के भविष्य को लेकर उनका विश्वास और मजबूत होता है।

वैश्विक अनिश्चितता के बीच भारत की विकास दर का जिक्र

प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया इस समय टकराव और अनिश्चितता के दौर से गुजर रही है। ऊर्जा और कमोडिटी की सप्लाई चेन पर दबाव है और अप्रैल से जून की तिमाही विशेष रूप से चुनौतीपूर्ण रही। ऐसे माहौल में भारत की 7.8 प्रतिशत की विकास दर दुनिया के भरोसे को मजबूत करती है।

उन्होंने भारत की सॉवरेन रेटिंग में हालिया सुधार का भी उल्लेख किया और कहा कि जापान की एक क्रेडिट रेटिंग एजेंसी ने भारत की रेटिंग को ‘ए’ कैटेगरी में अपग्रेड किया है। पीएम के मुताबिक, ऐसा सकारात्मक बदलाव करीब तीन दशक के अंतराल के बाद देखने को मिला है।

यूपीआई को बताया फिनटेक क्रांति का बड़ा उदाहरण

पीएम मोदी ने भारत की फिनटेक यात्रा में यूपीआई की भूमिका को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि फिनटेक की चर्चा यूपीआई के बिना अधूरी रहेगी। उन्होंने बताया कि 25 अगस्त को यूपीआई ने अपने 10 साल पूरे किए हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यूपीआई कई देशों तक पहुंच चुका है, लेकिन अब लक्ष्य दूसरे देशों के पेमेंट सिस्टम के साथ इसे और मजबूती से जोड़ना होना चाहिए। उन्होंने भारत और सिंगापुर के बीच पेमेंट सिस्टम के जुड़ाव का उदाहरण देते हुए कहा कि इससे दोनों देशों के बीच लेन-देन आसान हुआ है। उन्होंने अन्य देशों और बाजारों के साथ भी इसी तरह के कनेक्शन विकसित करने पर जोर दिया।

साइबर सुरक्षा और उपभोक्ता संरक्षण पर जोर

पीएम मोदी ने कहा कि तकनीक वित्तीय समावेशन का प्रभावी माध्यम है और फिनटेक को उन क्षेत्रों तक पहुंचना चाहिए जहां पारंपरिक वित्तीय मॉडल आसानी से नहीं पहुंच पाते। उन्होंने एजेंटिक एआई, टोकनाइजेशन और क्वांटम जैसी तकनीकों को वित्तीय क्षेत्र में नए अवसर पैदा करने वाला बताया।

उन्होंने फिनटेक इंडस्ट्री के सामने चार प्रमुख लक्ष्य रखने की बात कही। इनमें भारत में साइबर सुरक्षा को शीर्ष स्तर पर ले जाना, उद्योग के अपने नैतिक डेटा सुरक्षा मानक विकसित करना, मजबूत फिनटेक रेगुलेटर-इंडस्ट्री-इनोवेशन इकोसिस्टम बनाना और फिनटेक उपभोक्ता संरक्षण सूचकांक तैयार करना शामिल है।

नवसारी में पीएम मोदी ने सुनाया सेवा का भावुक अनुभव, कहा- वर्षों बाद नर्स बनकर मिली वह बेटी

‘कन्या केलवाणी अभियान’ का किया जिक्र

गुजरात के नवसारी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मुख्यमंत्री रहते हुए ‘कन्या केलवाणी अभियान’ के दौरान का एक भावुक अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि शुरुआती वर्षों में वह गांव-गांव जाकर बेटियों को स्कूल भेजने और उनके माता-पिता को शिक्षा के लिए प्रेरित करते थे।

पीएम मोदी ने कहा कि जून के दिनों में भीषण गर्मी के बीच वह गांवों में जाते थे। कई जगह बिजली और पंखे जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं थीं। वह बेटियों का हाथ पकड़कर उन्हें स्कूल छोड़ने जाते और उनके माता-पिता से बेटियों को पढ़ाने की अपील करते थे।

वर्षों बाद मिली पुरानी तस्वीरों के साथ

प्रधानमंत्री ने बताया कि उस समय उनके इस काम को मीडिया में ज्यादा जगह नहीं मिलती थी। वर्षों बाद जब वह उन्हीं गांवों में पहुंचे तो कई बच्चियां बड़ी हो चुकी थीं। उन्होंने कहा कि कुछ बच्चियां पुरानी तस्वीरें लेकर उनसे मिलने आईं और बताया कि जिन बेटियों को वह स्कूल छोड़ने गए थे, उनमें से एक आज नर्स बन चुकी है और अपनी पढ़ाई के अंतिम वर्ष में है।

पीएम मोदी ने कहा कि गरीब और आदिवासी परिवार की बेटी का वर्षों बाद सफल होकर उनसे मिलना उनके लिए सार्वजनिक जीवन की उपलब्धियों से भी बड़ी संतुष्टि का क्षण है।

उन्होंने कहा कि सेवा भाव से किया गया काम कई बार वर्षों बाद परिणाम देता है और लोगों का आशीर्वाद नई ऊर्जा व प्रेरणा का सबसे बड़ा स्रोत बनता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि राजनीति, सरकार और सार्वजनिक पद का अंतिम उद्देश्य नागरिकों की सेवा करना होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *