Thursday, September 10, 2026
Latest:
मनोरंजन

सीएम योगी से मिली ‘हनुमान अंश’ की टीम, नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा पर हुई चर्चा

सीएम योगी से मिली ‘हनुमान अंश’ की टीम, नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा पर हुई चर्चा

लखनऊ: फिल्म ‘हनुमान अंश’ के निर्माता, निर्देशक और प्रमुख कलाकारों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर मुलाकात की। टीम ने मुख्यमंत्री को फिल्म के कुछ विशेष अंश दिखाए, जिनमें नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा और गुरु गोरक्षनाथ की पंक्तियों से जुड़ा हिस्सा शामिल था। मुख्यमंत्री ने फिल्म और टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए उनका उत्साह बढ़ाया।

करीब दो करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म के निर्माता-निर्देशक विशाल चतुर्वेदी ने बताया कि फिल्म में नीब करोरी बाबा के घर छोड़कर ईश्वर की खोज में निकलने की यात्रा को केंद्र में रखा गया है। उनके अनुसार, बचपन में मां के निधन के बाद लक्ष्मी नारायण शर्मा घर से निकले और इस दौरान उनका संपर्क नाथ संप्रदाय के संतों से हुआ। संन्यास लेने से पहले उन्होंने इन संतों के साथ समय बिताया था।

गुरु गोरक्षनाथ की पंक्तियों का लिया गया संदर्भ

विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, नीब करोरी बाबा की आध्यात्मिक यात्रा के संदर्भ में फिल्म में गुरु गोरक्षनाथ की लिखी पंक्तियों का इस्तेमाल किया गया है। फिल्म में नाथ संप्रदाय के संतों के साथ उनके जुड़ाव और आध्यात्मिक यात्रा से जुड़े प्रसंगों को भी दिखाया गया है। इसके अलावा कुंडलिनी जागरण, अन्नपूर्णा समेत कई सिद्धियां प्राप्त होने और पक्षियों की आवाजें सुनने से जुड़े प्रसंगों को भी कहानी का हिस्सा बनाया गया है।

फिल्म में नीब करोरी बाबा की भूमिका निभाने वाले शोभिनव सत्या ने मुख्यमंत्री से मुलाकात को सुखद अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि टीम को मुख्यमंत्री का आशीर्वाद मिला, जिसके लिए सभी आभारी हैं।

यूपी में फिल्म शूटिंग की अपार संभावनाएं

विशाल चतुर्वेदी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में फिल्म निर्माण के लिए कई बेहतरीन लोकेशन मौजूद हैं। नोएडा की प्रस्तावित फिल्म सिटी के अलावा वाराणसी, चित्रकूट, मथुरा, वृंदावन, प्रयागराज और आगरा जैसे शहरों में शूटिंग की व्यापक संभावनाएं हैं।

उन्होंने बताया कि उनका प्रोडक्शन हाउस उत्तर प्रदेश में पंजीकृत है और फिल्म के अधिकांश कलाकार उत्तर एवं मध्य भारत से जुड़े हैं। विशाल मूल रूप से झांसी के रहने वाले हैं और उनकी पढ़ाई गोरखपुर में हुई है, जबकि उनका परिवार लखनऊ में रहता है। शोभिनव सत्या, पूर्णिमा तिवारी और निर्माता रागिनी सोना भी लखनऊ से हैं।

अलग-अलग शहरों में होगा टैलेंट हंट

विशाल ने बताया कि भविष्य में भी उत्तर प्रदेश से जुड़े विषयों पर फिल्में बनाने की योजना है। उन्होंने कहा कि यूपी की कहानियों और यहां की बोलियों पर आधारित फिल्मों को दक्षिण भारत में भी दर्शक मिल रहे हैं।

आने वाली फिल्मों के लिए प्रदेश के अलग-अलग शहरों में टैलेंट हंट आयोजित किए जाएंगे। इसके जरिए स्थानीय कलाकारों के साथ थिएटर से जुड़े प्रतिभाशाली कलाकारों को भी फिल्म निर्माण में अवसर देने की कोशिश होगी। टीम का उद्देश्य उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों के कलाकारों को बड़े मंच से जोड़ना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने के अधिक अवसर उपलब्ध कराना है।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *