बिहार: “मानसिक संतुलन खो बैठे हैं लालू यादव”, सुरक्षा कटौती विवाद पर नीतीश के मंत्री अशोक चौधरी का तीखा पलटवार
बिहार: “मानसिक संतुलन खो बैठे हैं लालू यादव”, सुरक्षा कटौती विवाद पर नीतीश के मंत्री अशोक चौधरी का तीखा पलटवार
पटना: बिहार की राजनीति में सुरक्षा कटौती को लेकर शुरू हुआ विवाद अब व्यक्तिगत जुबानी जंग में बदल गया है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव द्वारा अपनी सुरक्षा हटाए जाने के पीछे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का हाथ बताए जाने पर बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री अशोक चौधरी ने बेहद तीखी प्रतिक्रिया दी है। अशोक चौधरी ने कहा है कि पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है और वह सरकार पर अनावश्यक दबाव बनाने की कोशिश कर रहे हैं।
”नीतीशवे करवा रहा है” के आरोप पर मंत्री का जवाब
एक दिन पहले पटना में पत्रकारों से बात करते हुए लालू यादव ने अपनी सुरक्षा में की गई कटौती का ठीकरा सीधे मुख्यमंत्री पर फोड़ते हुए कहा था, “नीतीश कुमार सब करवाया है।”
इस आरोप को पूरी तरह खारिज करते हुए बिहार के खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा:
”असल में वो मेन्टली (मानसिक रूप से) गड़बड़ा गए हैं। जब तक नीतीश कुमार सत्ता में थे तब तक वो वहां थे। अब जब सरकार ने आपको व्यवस्थित कर दिया है, आपको एक जगह दे दी है, तो आप जबरदस्ती दबाव बना रहे हैं। कह रहे हैं कि नीतीशवे करवा रहा है। क्या मतलब है इसका?”
अशोक चौधरी ने साफ किया कि किसी भी नेता की सुरक्षा बढ़ाने या घटाने का फैसला सुरक्षा समिति (Security Committee) और पुलिस विभाग द्वारा समीक्षा के बाद किया जाता है। इसमें किसी भी तरह का कोई राजनीतिक हस्तक्षेप नहीं होता है।
लालू परिवार ने लौटाई पूरी सुरक्षा, तेजप्रताप ने दी चेतावनी
सुरक्षा में कटौती किए जाने के विरोध में लालू परिवार ने एक बड़ा कदम उठाते हुए बिहार सरकार द्वारा दी गई अपनी पूरी सुरक्षा वापस लौटा दी है। दो दिन पहले लालू यादव बिना किसी सुरक्षा घेरे के पटना की सड़कों पर कार से घूमते नजर आए थे।
लालू यादव के साथ-साथ उनकी पत्नी और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, बड़े बेटे व जनशक्ति जनता दल के अध्यक्ष तेजप्रताप यादव और छोटे बेटे व नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने भी अपनी सरकारी सुरक्षा छोड़ दी है। इस कदम के बाद तेजप्रताप यादव ने सरकार को चेतावनी दी थी कि अब परिवार के साथ होने वाली किसी भी अप्रिय घटना की पूरी जवाबदेही राज्य सरकार की होगी।
”कुछ हुआ तो जिम्मेदार वो खुद होंगे”
जब पत्रकारों ने मंत्री अशोक चौधरी से सवाल किया कि सुरक्षा लौटाने के बाद यदि लालू यादव या उनके परिवार के साथ कोई अनहोनी हो जाती है, तो इसका जिम्मेदार कौन होगा? इस पर मंत्री ने दोटूक शब्दों में कहा कि इसके जिम्मेदार वे खुद होंगे।
अशोक चौधरी ने कहा, “वो अपने ना होंगे? अब हम कहें कि हम सुरक्षा नहीं लेंगे और ऐसे ही घूमेंगे, तो अब कुछ हो जाएगा तो आप जानिए और आपका काम जाने। इसमें सरकार क्या करेगी।” इस बयान के बाद बिहार में जेडीयू-भाजपा गठबंधन और आरजेडी के बीच सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं।
