अयोध्या राम मंदिर दान विवाद: “सच बोला तो बड़ी मुसीबत में फंस जाऊंगा,” बृजभूषण सिंह के बयान से मची खलबली
अयोध्या राम मंदिर दान विवाद: “सच बोला तो बड़ी मुसीबत में फंस जाऊंगा,” बृजभूषण सिंह के बयान से मची खलबली; बीजेपी नेता ने की सीबीआई जांच की मांग
अयोध्या के प्रसिद्ध राम मंदिर के दान पात्र (चढ़ावे) में करोड़ों रुपये के कथित घपले का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। समाजवादी पार्टी समेत पूरे विपक्ष के हमलों के बीच, अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के ही पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह के एक हैरान करने वाले बयान और बीजेपी प्रवक्ता द्वारा प्रधानमंत्री को लिखे पत्र ने इस विवाद को और गरमा दिया है।
”मुझ में सच बोलने की हिम्मत नहीं, बहुत बड़े लोग जुड़े हैं” – बृजभूषण सिंह
उत्तर प्रदेश के कैसरगंज से बीजेपी के पूर्व सांसद और भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने राम मंदिर दान पात्र में कथित वित्तीय अनियमितताओं पर एक बेहद चौंकाने वाला बयान दिया है। छह बार सांसद रह चुके बृजभूषण सिंह ने कहा:
”मैं बहुत कमजोर आदमी हूं। इस मुद्दे पर अगर मैंने सत्य बोल दिया, तो मैं बहुत बड़ी परेशानी में आ जाऊंगा। इस मामले से बहुत बड़े-बड़े लोग जुड़े हुए हैं… फिलहाल इस मुद्दे पर सत्य बोलने की हिम्मत मेरे अंदर नहीं है। लेकिन जब सही समय आएगा, तो इस मुद्दे पर जरूर बोलूंगा।”
विपक्ष के हमले और केंद्र सरकार का रुख
आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अन्य विपक्षी नेताओं ने राम मंदिर के चढ़ावे में करोड़ों रुपये के गबन और हेराफेरी के गंभीर आरोप लगाए हैं। विपक्ष ने सरकार की चुप्पी पर सवाल उठाते हुए इस मामले में न्यायिक हस्तक्षेप की भी मांग की है। हालांकि, केंद्र सरकार और मंदिर ट्रस्ट से जुड़े अधिकारियों ने शुरुआती तौर पर इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है।
बीजेपी प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने पीएम मोदी को लिखी चिट्ठी, मांगी CBI जांच
इस पूरे विवाद में नया मोड़ तब आया जब विपक्षी घेराबंदी के बीच खुद बीजेपी के नेता और पार्टी प्रवक्ता डॉ. रजनीश सिंह ने इस मामले की उच्च-स्तरीय जांच कराने की मांग कर दी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक पत्र भेजकर आग्रह किया है कि इस पूरे मामले की जांच सीबीआई (CBI), प्रवर्तन निदेशालय (ED) या किसी अन्य सक्षम केंद्रीय एजेंसी से कराई जाए।
डॉ. रजनीश सिंह ने मांग की है कि जांच के नतीजों को सार्वजनिक किया जाए, ताकि मंदिर ट्रस्ट में देश-विदेश के श्रद्धालुओं का भरोसा और पारदर्शिता बनी रहे।
”करोड़ों राम भक्तों की आस्था का सवाल, दोषियों पर हो सख्त कार्रवाई”
प्रधानमंत्री को पत्र लिखने के बाद डॉ. रजनीश सिंह ने कहा कि राम मंदिर सिर्फ एक ढांचा नहीं, बल्कि करोड़ों हिंदुओं की आस्था, भक्ति और अटूट विश्वास का केंद्र है। देश और दुनिया के कोने- कोने से श्रद्धालु यहाँ अपनी श्रद्धा के अनुसार दान देते हैं।
उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अगर दान के पैसों के गलत इस्तेमाल, हेराफेरी या वित्तीय गड़बड़ी के आरोप जरा भी सही पाए जाते हैं, तो यह न केवल एक बड़ा आर्थिक अपराध होगा, बल्कि लाखों राम भक्तों की धार्मिक भावनाओं को भी गहरी चोट पहुंचाएगा। इसलिए सच को सामने लाना और दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।
