राजनीति

ममता बनर्जी ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात, आज होगी इंडिया गठबंधन की बड़ी बैठक

ममता बनर्जी ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से की मुलाकात, आज होगी इंडिया गठबंधन की बड़ी बैठक

​नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में सोमवार को होने वाली इंडिया (INDIA) गठबंधन की अहम बैठक से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। रविवार को पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और टीएमसी (TMC) प्रमुख ममता बनर्जी ने आम आदमी पार्टी (AAP) के संयोजक अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की। इस बैठक के दौरान टीएमसी के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद रहे।

​हालांकि, आम आदमी पार्टी या अरविंद केजरीवाल की ओर से इस मुलाकात को लेकर आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी या सोशल मीडिया पोस्ट साझा नहीं की गई है। इसके विपरीत, ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (AITMC) ने अपने आधिकारिक एक्स (ट्विटर) हैंडल से इस मुलाकात की पुष्टि की। टीएमसी ने पोस्ट में लिखा कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी ने दिल्ली में अरविंद केजरीवाल से मुलाकात की है। सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई इस बातचीत के दौरान दोनों नेताओं ने आगे की राजनीतिक राह पर विस्तार से चर्चा की।

​गौरतलब है कि बंगाल विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार हो रही इंडिया ब्लॉक की इस बैठक में शामिल होने के लिए ममता बनर्जी विशेष रूप से दिल्ली पहुंची हैं।

​बैठक में 23 राजनीतिक दल होंगे शामिल, कुछ ने बनाई दूरी

​कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने जानकारी दी है कि सोमवार को दोपहर 12 बजे नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में होने वाली इस विशेष बैठक में 23 राजनीतिक दलों ने शामिल होने की पुष्टि की है। हालांकि, कुछ दलों ने अपने व्यक्तिगत कारणों से इस बैठक में असमर्थता भी जताई है।

​आम आदमी पार्टी दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद इस गठबंधन से अलग हो गई थी। वहीं दूसरी ओर, हाल ही में संपन्न हुए तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के बाद द्रमुक (DMK) की भी कांग्रेस से नाराजगी सामने आई है, जिसके चलते डीएमके ने इस बैठक का बहिष्कार किया है।

​इन मुद्दों पर घेरा जाएगा केंद्र सरकार को

​जयराम रमेश के अनुसार, यह बैठक केंद्र सरकार की उन नीतियों और कार्रवाइयों के खिलाफ एकजुटता दिखाने के लिए बुलाई गई है जो संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों पर असर डाल रही हैं। विपक्ष इस बैठक में जांच एजेंसियों के कथित दुरुपयोग, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, निवेश के माहौल और विदेश नीति जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार को घेरने की रणनीति तैयार करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *