रायपुर में कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, सीएम विष्णुदेव साय ने की अभिनय की तारीफ
रायपुर में कंगना रनौत की फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग, सीएम विष्णुदेव साय ने की अभिनय की तारीफ
रायपुर: भाजपा सांसद और बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत अपनी नई फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग के लिए रायपुर पहुंचीं। शहर के जोरा स्थित एक मॉल में आयोजित इस खास स्क्रीनिंग में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, सांसद बृजमोहन अग्रवाल सहित कई मंत्री और विधायक शामिल हुए। फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कंगना के अभिनय और फिल्म की कहानी की जमकर सराहना की।
रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए कंगना रनौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की खुलकर तारीफ की और उन्हें वैश्विक नेतृत्व का प्रतीक बताया।
26/11 हमले में कामा अस्पताल की नर्सों के साहस पर आधारित है फिल्म
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने फिल्म देखने के बाद कंगना रनौत का आभार व्यक्त किया कि उन्होंने अपनी फिल्म की स्क्रीनिंग के लिए छत्तीसगढ़ को चुना। मुख्यमंत्री ने फिल्म की पृष्ठभूमि पर बात करते हुए कहा कि ‘भारत भाग्य विधाता’ 26/11 मुंबई आतंकी हमले के दौरान कामा अस्पताल की नर्सों द्वारा दिखाई गई बहादुरी, समर्पण और सेवा भावना पर आधारित है। आतंकियों के हमले के बीच नर्सों ने जिस साहस के साथ मरीजों और घायलों की जान बचाई, यह फिल्म उसी प्रेरक गाथा को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि कंगना ने फिल्म में एक नर्स की भूमिका को बेहद प्रभावशाली ढंग से पर्दे पर उतारा है।
कंगना रनौत ने भी जनता से इस फिल्म को देखने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि सेवा और साहस की एक ऐसी कहानी है जिसे हर भारतीय को देखना चाहिए।
पीएम मोदी के नेतृत्व की तारीफ और 10 जून का ऐतिहासिक अवसर
एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में कंगना रनौत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देशभर में जो लगातार जनसमर्थन और लोकप्रियता मिल रही है, वह उनकी कार्यशैली का परिणाम है। उन्होंने कहा कि आज पूरी दुनिया नेतृत्व के लिए भारत की ओर देख रही है।
10 जून को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत के सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर बधाई देते हुए कंगना ने इसे देश के लिए गौरव का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी को वैश्विक मार्गदर्शन के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है।
नर्सों की वर्दी के भारतीयकरण पर रखी राय
भारतीय अस्पतालों में नर्सों की वर्दी पर ब्रिटिश प्रभाव को हटाने और उसे भारतीय स्वरूप देने से जुड़े एक सवाल पर कंगना ने अपनी राय रखी। उन्होंने कहा कि यह किसी की व्यक्तिगत राय हो सकती है, लेकिन नर्सों के लिए सबसे बेहतर वही पहनावा होगा जिसे वे स्वयं पसंद करें। इस विषय पर सही निर्णय लेने का अधिकार और समझ सबसे अधिक खुद नर्सों के पास ही है।
