राजनीति

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे और पवन खेड़ा समेत 7 उम्मीदवारों का किया एलान

राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खरगे और पवन खेड़ा समेत 7 उम्मीदवारों का किया एलान

​नई दिल्ली: कांग्रेस ने राज्यसभा की सात सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है. इस सूची में सबसे प्रमुख नाम कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा में नेता विपक्ष मल्लिकार्जुन खरगे का है. उनके अलावा पार्टी के राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी पवन खेड़ा और राहुल गांधी के करीबी माने जाने वाले मीनाक्षी नटराजन व प्रवीण चक्रवर्ती को भी उच्च सदन का टिकट दिया गया है. जातीय समीकरणों को साधते हुए कांग्रेस ने इन सात उम्मीदवारों में से चार अगड़ी जाति, दो दलित और एक अल्पसंख्यक समुदाय से मैदान में उतारे हैं.

​राज्यसभा में नेता विपक्ष खरगे शुक्रवार को बेंगलुरु में राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करेंगे. इस मौके पर लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी भी विशेष रूप से मौजूद रहेंगे. कर्नाटक विधानसभा में संख्या बल के हिसाब से कांग्रेस चार में से तीन सीटें आसानी से जीत सकती है. यहाँ मल्लिकार्जुन खरगे के अलावा पवन खेड़ा और मंसूर अली खान को उम्मीदवार बनाया गया है. पवन खेड़ा लंबे समय से टीवी बहसों में कांग्रेस का प्रमुख चेहरा रहे हैं, जबकि मंसूर अली खान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव हैं और उनके पिता के रहमान खान पूर्व केंद्रीय मंत्री रह चुके हैं.

​इसके अलावा मध्य प्रदेश से पूर्व सांसद मीनाक्षी नटराजन को उम्मीदवार बनाया गया है, जिन्हें राहुल गांधी का बेहद करीबी माना जाता है. मध्य प्रदेश में तीन सीटें खाली हो रही हैं, जहाँ चुनाव की नौबत आने पर कांग्रेस की राह थोड़ी कठिन हो सकती है. राजस्थान से नीरज डांगी और झारखंड से कांग्रेस अध्यक्ष खरगे के मीडिया सलाहकार प्रणव झा को टिकट मिला है. झारखंड की दोनों सीटें संख्या बल के आधार पर इंडिया गठबंधन के खाते में जा सकती हैं. तमिलनाडु की एक सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए प्रोफेशनल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रवीण चक्रवर्ती को उम्मीदवार बनाया गया है, जिन्हें अभिनेता विजय की पार्टी ‘टीवीके’ ने भी समर्थन देने का एलान किया है.

​चुनाव आयोग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, इन सीटों पर मतदान 18 जून को होगा. राज्यसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 8 जून है, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 9 जून को की जाएगी. उम्मीदवार 11 जून तक अपने नाम वापस ले सकते हैं. 18 जून को मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद मतगणना की जाएगी और नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे. विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए सत्ताधारी कांग्रेस को कर्नाटक में राज्यसभा की चार में से तीन और विधान परिषद की सात में से पांच सीटों पर जीत मिलने की पूरी उम्मीद है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *