“मैं भगोड़ा नहीं हूं, हीरे का चम्मच लेकर पैदा हुआ हूं”: राहुल गांधी और पी. चिदंबरम पर बरसे ललित मोदी, मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर दी सफाई
“मैं भगोड़ा नहीं हूं, हीरे का चम्मच लेकर पैदा हुआ हूं”: राहुल गांधी और पी. चिदंबरम पर बरसे ललित मोदी, मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों पर दी सफाई
लंदन: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के संस्थापक और पूर्व कमिश्नर ललित मोदी ने एक बार फिर अपने बयानों से भारतीय सियासत और क्रिकेट जगत में हलचल तेज कर दी है। इस समय लंदन में रह रहे ललित मोदी ने खुद को ‘भगोड़ा’ कहे जाने पर कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ कोई भी कानूनी मामला नहीं चल रहा है, इसलिए उन्हें भगोड़ा कहना पूरी तरह से गलत है।
लंदन में समाचार एजेंसी एएनआई (ANI) को दिए एक विशेष इंटरव्यू में ललित मोदी ने राजनीति, अपने आलीशान लाइफस्टाइल और बीसीसीआई (BCCI) से जुड़े विवादों पर खुलकर अपनी बात रखी।
”मैं भगोड़ा नहीं हूं, हिम्मत है तो मुकदमा चलाओ”
ललित मोदी ने खुद पर लगे आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा, “मैं भगोड़ा नहीं हूं और न ही कहीं भाग रहा हूं। भारत सरकार के हाथ बहुत लंबे हैं और कोई भी उससे पंगा नहीं ले सकता। मेरा भी ऐसा कोई इरादा नहीं है। अगर मैं इतना ही बड़ा अपराधी हूं और जैसा कि सब कहते हैं कि मैं बहुत बुरा हूं, तो मेरे खिलाफ अदालत में मुकदमा क्यों नहीं चलाया जाता? पिछले 17 सालों में मेरे खिलाफ एक भी मामला साबित नहीं हो सका है।”
उन्होंने यह भी कहा कि एक समय था जब वे भारत वापस लौटना चाहते थे, लेकिन अब उन्हें किसी के सामने कुछ भी साबित करने की जरूरत महसूस नहीं होती।
”10-12 करोड़ रुपये तो मेरे पास एक हफ्ता भी नहीं टिकते”
अपने शाही रहन-सहन और ‘मनी लॉन्ड्रिंग’ के आरोपों पर जवाब देते हुए ललित मोदी ने कहा कि वे किसी के डर से अपनी लाइफस्टाइल नहीं बदलेंगे। उन्होंने कहा:
”मैंने कुछ भी गलत नहीं किया है। मैं ‘हीरे का चम्मच’ (Born with a silver spoon) लेकर पैदा हुआ हूं और मेरा रहन-सहन हमेशा से शाही रहा है। लोग मुझ पर कुछ करोड़ रुपये के हेरफेर का आरोप लगाते हैं, लेकिन सच यह है कि मेरे पास 10-12 करोड़ रुपये एक हफ्ता भी नहीं टिकते। मैं एक दिन में इससे कहीं ज्यादा कमाता हूं। हमारा पारिवारिक बिजनेस ग्लोबल लेवल पर फैला है, जिसकी मार्केट वैल्यू करीब ढाई लाख करोड़ रुपये है।”
राहुल गांधी और पी. चिदंबरम पर साधा निशाना
इंटरव्यू के दौरान ललित मोदी ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “भारत में जब भी चुनाव होते हैं, राहुल गांधी रैलियों और संसद में जनता की भावनाओं को भड़काने के लिए सबसे पहले मेरे नाम का इस्तेमाल करते हैं। वे मेरे पीछे हाथ धोकर पड़े हैं क्योंकि मैं क्रिकेट से जुड़ा रहा हूं और भारत में लोग क्रिकेट से भावनात्मक रूप से जुड़े हैं।”
इसके अलावा, साल 2009 में आईपीएल को दक्षिण अफ्रीका में शिफ्ट किए जाने के ड्रामे को याद करते हुए मोदी ने तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा, “चिदंबरम ने मुझे धमकाया था और वे जानबूझकर टूर्नामेंट को रोकना चाहते थे। उस समय बीजेपी शासित राज्यों ने मुझे मैच कराने की अनुमति दी थी, लेकिन कांग्रेस सरकारों ने सुरक्षा देने से साफ मना कर दिया था।”
क्या है दावों की हकीकत?
भले ही ललित मोदी खुद को पूरी तरह पाक-साफ बता रहे हों, लेकिन आधिकारिक दस्तावेज और रिकॉर्ड कुछ और ही कहानी बयां करते हैं:
मनी लॉन्ड्रिंग का मामला: ललित मोदी भारत में प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा दर्ज मनी लॉन्ड्रिंग और वित्तीय अनियमितताओं के एक गंभीर मामले का सामना कर रहे हैं।
BCCI का लाइफ बैन: साल 2013 में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने उन्हें ‘घोर अनुशासनहीनता और दुर्व्यवहार’ का दोषी पाते हुए उन पर आजीवन प्रतिबंध (Life Time Ban) लगा दिया था।
गौरतलब है कि ललित मोदी ने साल 2008 से 2010 तक आईपीएल के पहले अध्यक्ष और कमिश्नर के रूप में काम किया था। इसके अलावा वे चैंपियंस लीग T20 के अध्यक्ष, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष और राजस्थान व पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन के शीर्ष पदों पर भी रह चुके हैं।
