राष्ट्रीय

ईंधन का ‘फ्यूल शॉक’: लगातार चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 100 के पार, सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक फूटा विपक्ष और जनता का गुस्सा

ईंधन का ‘फ्यूल शॉक’: लगातार चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, दिल्ली में पेट्रोल 100 के पार, सड़क से लेकर सोशल मीडिया तक फूटा विपक्ष और जनता का गुस्सा

​नई दिल्ली: देशवासियों को सोमवार सुबह सरकार की तरफ से एक बार फिर बड़ा ‘फ्यूल शॉक’ लगा है। अंतरराष्ट्रीय बाजार और घरेलू समीकरणों के बीच देश में लगातार चौथी बार पेट्रोल और डीजल की कीमतों में भारी बढ़ोतरी की गई है। इस ताजा बढ़ोतरी के बाद देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के आंकड़े को पार कर गई है। पिछले 10 दिनों के भीतर पेट्रोल और डीजल की कीमतों में करीब 8 रुपये तक का इजाफा हो चुका है, जिसने आम आदमी की कमर तोड़ दी है।

​सोमवार, 25 मई को पेट्रोल की कीमतों में 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल में 2.71 रुपये प्रति लीटर तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। ईंधन के इस बेलगाम दाम पर अब देश में राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) समेत पूरा विपक्ष मोदी सरकार पर हमलावर है।

​पिछले 10 दिनों में कब और कितनी बढ़ीं कीमतें?

​देश में पिछले 11 दिनों के भीतर चार किश्तों में दाम बढ़ाए गए हैं। विपक्ष और अलग-अलग स्रोतों के आंकड़ों के अनुसार कीमतें इस तरह बढ़ी हैं:

​15 मई: कीमतों में करीब ₹3 से ₹3.29 प्रति लीटर की बड़ी बढ़ोतरी की गई।

​19 मई: पेट्रोल और डीजल के दामों में 90 से 96 पैसे प्रति लीटर का इजाफा हुआ।

​23 मई: पेट्रोल में 87-94 पैसे और डीजल में 91-95 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी।

​25 मई (आज): पेट्रोल में ₹2.61 से ₹2.87 और डीजल में ₹2.71 से ₹2.80 प्रति लीटर की भारी वृद्धि।

​(कुल मिलाकर महज 11 दिनों में पेट्रोल करीब 8.06 रुपये और डीजल 7.80 रुपये तक महंगा हो चुका है।)

​चार महानगरों में आज क्या हैं पेट्रोल-डीजल के दाम?

​पेट्रोल की नई कीमतें:

​दिल्ली: ₹102.12 प्रति लीटर (+2.61 की बढ़ोतरी)

​मुंबई: ₹111.21 प्रति लीटर (+2.72 की बढ़ोतरी)

​कोलकाता: ₹113.51 प्रति लीटर (+2.87 की बढ़ोतरी)

​चेन्नई: ₹107.77 प्रति लीटर (+2.46 की बढ़ोतरी)

​डीजल की नई कीमतें:

​दिल्ली: ₹95.20 प्रति लीटर (+2.71 की बढ़ोतरी)

​मुंबई: ₹97.83 प्रति लीटर (+2.81 की बढ़ोतरी)

​कोलकाता: ₹99.82 प्रति लीटर (+2.80 की बढ़ोतरी)

​चेन्नई: ₹99.55 प्रति लीटर (+2.57 की बढ़ोतरी)

​’मोदी सरकार जनता को तिल-तिल मार रही है’: आम आदमी पार्टी

​पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों पर आम आदमी पार्टी (AAP) ने सरकार को आड़े हाथों लिया है। आप के मीडिया प्रभारी अनुराग ढांडा ने कहा, “मोदी सरकार जनता को एक झटके में नहीं, बल्कि तिल-तिल कर मार रही है। पिछले 10 दिनों में कीमतें 7.50 रुपये से ज्यादा बढ़ा दी गईं और आज दिल्ली में भी पेट्रोल 100 के पार चला गया है।”

​अरविंद केजरीवाल ने उठाए सवाल: ‘मोदी जी, ऐसी क्या मजबूरी थी?’

गुजरात दौरे पर गए आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक वीडियो जारी कर सीधे प्रधानमंत्री से सवाल किया। केजरीवाल ने कहा, “तेल के दाम लगातार बढ़ रहे हैं। हम फिर भी रूस और ईरान से सस्ता तेल क्यों नहीं खरीद रहे हैं? मोदी जी की ऐसी क्या मजबूरी है? गुजरात में किसानों को डीजल के लिए परेशान होना पड़ रहा है और पंपों पर लंबी लाइनें लगी हैं। सरकार को तुरंत सस्ते दामों पर तेल आयात कर जनता को राहत देनी चाहिए।”

​’चुपके-चुपके जेब काट रहे महंगाई मैन’: कांग्रेस और राहुल गांधी का हमला

​कांग्रेस पार्टी ने भी अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल से मोदी सरकार को ‘महंगाई मैन’ करार दिया है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि अपने पूंजीपति दोस्तों को फायदा पहुंचाने के लिए सरकार आम जनता की जेब काटने में लगी है। लोग महंगाई से त्रस्त हैं, लेकिन सरकार की वसूली रुक नहीं रही है।

​राहुल गांधी ने साधा निशाना:

“महंगाई मानव मोदी का जनता पर फिर से हमला हुआ है। पेट्रोल-डीजल के दाम किश्तों में बढ़ाए जाते हैं ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे और आपको पता भी न चले। मैं महीनों से देश में आर्थिक तूफान आने की चेतावनी दे रहा था, लेकिन मोदी जी हमेशा की तरह चुनावों में व्यस्त थे। चुनाव खत्म होते ही जनता की जेब पर वार शुरू हो गया। ये बढ़त अभी रुकने वाली नहीं है।”

​सड़क पर छलका आम जनता का दर्द: ‘गाड़ी बेचने की नौबत आ गई’

​बढ़ती कीमतों से सिर्फ राजनीतिक दल ही नहीं, बल्कि देश की आम जनता भी बुरी तरह बेहाल है। देश के अलग-अलग हिस्सों से लोगों का दर्द कुछ इस तरह सामने आया:

​कानपुर: एक स्थानीय नागरिक ने कहा, “आम आदमी पर पहले से ही बहुत दिक्कतें हैं। पहले हम 100 रुपये का पेट्रोल डलवाते थे तो एक लीटर से ज्यादा आ जाता था, आज 1 लीटर भी नहीं मिल पा रहा। सरकार को सोचना चाहिए।”

​दिल्ली: दिल्ली के एक उपभोक्ता ने बताया, “हम बेहद परेशान हैं। कई जगहों पर तो डीजल की किल्लत भी देखने को मिल रही है। इस पर तुरंत चर्चा होनी चाहिए, वरना टैक्सी ड्राइवरों का धंधा चौपट हो जाएगा।”

​अनंतनाग (जम्मू-कश्मीर): यहां एक शख्स ने लाचारी जताते हुए कहा, “कीमतें इतनी बढ़ गई हैं कि अब घर की बचत खत्म हो गई है। अगर मुझे कोई सही खरीदार मिल जाए, तो मैं अपनी गाड़ी बेचने की सोच रहा हूं।”

​फरीदाबाद: फरीदाबाद के एक निवासी ने सरकार से गुहार लगाते हुए कहा, “महंगाई पहले ही बजट बिगाड़ चुकी है। सरकार को कम से कम कम आय वाले (लोअर इनकम) लोगों को ध्यान में रखकर फैसले लेने चाहिए। अगर रोज ऐसे ही दाम बढ़ेंगे तो ऑफिस आना-जाना और रोजमर्रा की जिंदगी चलाना नामुमकिन हो जाएगा।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *