बजट सत्र 2026: 28 जनवरी से शुरू, 1 फरवरी को रविवार को पेश होगा यूनियन बजट
बजट सत्र 2026: 28 जनवरी से शुरू, 1 फरवरी को रविवार को पेश होगा यूनियन बजट
नई दिल्ली, 8 जनवरी 2026: संसद के बजट सत्र की तारीखें तय हो गई हैं। कैबिनेट कमिटी ऑन पार्लियामेंट्री अफेयर्स (CCPA) ने बजट सत्र का कैलेंडर मंजूर कर लिया है। सत्र की शुरुआत 28 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के संयुक्त सत्र को संबोधन से होगी। इसके अगले दिन 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण (Economic Survey) संसद में पेश किया जाएगा।
खास बात यह है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी 2026 को रविवार के दिन यूनियन बजट 2026-27 पेश करेंगी। यह हाल के वर्षों में पहली बार होगा जब बजट रविवार को पेश किया जाएगा। इससे पहले शनिवार को बजट पेश होने के उदाहरण रहे हैं, लेकिन रविवार को यह दुर्लभ होगा। सरकार ने 1 फरवरी की परंपरा को बनाए रखने का फैसला किया है, ताकि बजट को नए वित्त वर्ष (1 अप्रैल) से पहले लागू करने में आसानी हो।
बजट सत्र दो चरणों में चलेगा:
पहला चरण: 28 जनवरी से 13 फरवरी तक
दूसरा चरण: 9 मार्च से 2 अप्रैल तक
इस सत्र में अनुदान मांगों और वित्त विधेयक पर चर्चा होगी। निर्मला सीतारमण लगातार नौवां बजट पेश करके इतिहास रचेंगी।
यह बजट अर्थव्यवस्था को गति देने, करदाताओं को राहत और इंफ्रास्ट्रक्चर पर फोकस के साथ आने की उम्मीद है। संसद सत्र में विपक्ष और सत्ता पक्ष के बीच कई मुद्दों पर बहस होने की संभावना है।
