Thursday, June 25, 2026
उत्तराखंड

हल्द्वानी हत्याकांड: भाजपा से निष्कासित पार्षद अमित बिष्ट व पुत्र जय गिरफ्तार, हथियार बरामद, कोर्ट में पेशी आज

हल्द्वानी हत्याकांड: भाजपा से निष्कासित पार्षद अमित बिष्ट व पुत्र जय गिरफ्तार, हथियार बरामद, कोर्ट में पेशी आज

हल्द्वानी (नैनीताल), 6 जनवरी 2026: उत्तराखंड के हल्द्वानी में सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने महज 12 घंटे में खुलासा कर दिया है। कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने भाजपा से निष्कासित पार्षद अमित बिष्ट उर्फ चिंटू और उसके पुत्र जय बिष्ट को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त लाइसेंसी रिवॉल्वर सहित अवैध पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जा रहा है।

घटना 4 जनवरी 2026 की देर रात की है, जब वार्ड संख्या-55 मानपुर उत्तर (जज फार्म मुखानी) क्षेत्र में युवक नितिन लोहनी (उम्र करीब 22-25 वर्ष) की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक के भाई पीयूष लोहनी पुत्र कैलाश चंद्र लोहनी की तहरीर पर अमित बिष्ट के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या), 352 आदि के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नितिन लोहनी अपने दोस्त के साथ अमित बिष्ट के घर उनके पुत्र जय से मिलने गया था। दरवाजा खुलते ही अमित बिष्ट ने अपनी लाइसेंसी रिवॉल्वर से नितिन पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। घटना के बाद भाजपा ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अमित बिष्ट को पार्टी से निष्कासित कर दिया।

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले का खुलासा 12 घंटे के अंदर कर दिया गया है। मुख्य आरोपी अमित बिष्ट और उसके पुत्र जय को गिरफ्तार कर लिया गया है। अमित की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल लाइसेंसी रिवॉल्वर बरामद हुआ, जबकि जय से एक अवैध पिस्टल जब्त की गई है। पूछताछ में पुरानी रंजिश सामने आ रही है, लेकिन विस्तृत जांच जारी है।

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है। विपक्षी दलों ने इसे कानून-व्यवस्था की नाकामी करार दिया है, जबकि भाजपा ने आरोपी को पार्टी से बाहर कर सख्त रुख दिखाया है। मामले पर पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *