उत्तराखंडराष्ट्रीय

‘असुरों का नाश करने आ रही हूं’: 9 दिन बाद गायब उर्मिला सनावर की सोशल मीडिया पर धमाकेदार वापसी, अंकिता हत्याकांड में सबूतों के साथ SIT के सामने पेश होने का ऐलान

‘असुरों का नाश करने आ रही हूं’: 9 दिन बाद गायब उर्मिला सनावर की सोशल मीडिया पर धमाकेदार वापसी, अंकिता हत्याकांड में सबूतों के साथ SIT के सामने पेश होने का ऐलान

देहरादून, 06 जनवरी 2026: उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में सनसनीखेज आरोप लगाने वाली अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने 9 दिन की चुप्पी के बाद सोशल मीडिया पर वापसी कर बड़ा बयान दिया है। पुलिस की तलाश और गैर-जमानती वारंट के बावजूद गायब चल रहीं उर्मिला ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, “असुरों का नाश करने के लिए देवी को भी 9 महीने छुप कर रहना पड़ा था, मैं 9 दिन के बाद अपने गर्भ जून से बाहर आ रही हूं… सबूतों के साथ अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने। मैं SIT जांच के लिए तैयार हूं।”

उर्मिला सनावर खुद को पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की पत्नी बताती हैं। दिसंबर 2025 में उन्होंने वीडियो और कथित ऑडियो क्लिप जारी कर दावा किया था कि हत्याकांड में शामिल ‘वीआईपी’ भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव दुष्यंत कुमार गौतम हैं, जिन्हें ‘गट्टू’ कहा जाता है। इन आरोपों से राजनीतिक तूफान खड़ा हो गया था, जिसके बाद उर्मिला और सुरेश राठौर भूमिगत हो गए। पुलिस ने दोनों की तलाश तेज कर दी थी और उर्मिला के खिलाफ NBW भी जारी हुआ था।

उर्मिला की इस वापसी से मामला फिर गरमा गया है। उन्होंने पोस्ट में SIT के सामने पेश होने की इच्छा जताई है और सबूतों का जिक्र किया है। वहीं, दुष्यंत गौतम ने इन आरोपों को झूठा और साजिश बताते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में उर्मिला, सुरेश राठौर, कांग्रेस और AAP के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर किया है।

पुलिस का कहना है कि मूल जांच में अंकिता हत्याकांड में कोई ‘वीआईपी’ शामिल नहीं पाया गया था। SIT ने पहले ही स्पष्ट किया कि ‘वीआईपी’ का जिक्र एक सामान्य व्यक्ति से था। तीन आरोपी – रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मी – को उम्रकैद की सजा हो चुकी है।

अब उर्मिला की वापसी और उनके दावों से नया मोड़ आ सकता है। देखना यह है कि वे SIT के सामने कब और कैसे पेश होती हैं!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *