उत्तराखंड

उत्तराखंड: बिजली निगमों की समीक्षा बैठक, 1,818 नए पदों पर भर्ती और खेल महाकुंभ स्थगित

उत्तराखंड: बिजली निगमों की समीक्षा बैठक, 1,818 नए पदों पर भर्ती और खेल महाकुंभ स्थगित

​देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में गुरुवार को सचिवालय में उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) और पावर ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (PITCUL) की उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों निगमों की वित्तीय स्थिति में सुधार, विकास कार्यों की प्रगति और लंबित देनदारियों के त्वरित निस्तारण पर विस्तार से चर्चा हुई।

​सरकारी विभागों पर ₹539.61 करोड़ का बिजली बिल बकाया

​बैठक में जानकारी दी गई कि 30 सितंबर 2026 तक प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों पर विद्युत बिलों के रूप में लगभग ₹539.61 करोड़ की देनदारी बकाया है। मुख्यमंत्री ने इस राशि के समयबद्ध भुगतान के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने और अनुपूरक बजट में स्वीकृत राशि के सापेक्ष ₹166 करोड़ की शेष धनराशि तुरंत उपाकालि (UPCL) को जारी करने के निर्देश दिए।

​प्रीपेड स्मार्ट मीटर और ऊर्जा क्षेत्र के मुख्य निर्देश:

​सरकारी कार्यालयों में प्रीपेड मीटर: आरडीएसएस (RDSS) योजना के तहत पहले चरण में सभी सरकारी भवनों पर स्थापित स्मार्ट मीटरों को प्राथमिकता से प्रीपेड मोड में बदलने के निर्देश दिए गए।

​शीतकालीन विद्युत आपूर्ति: राज्य में बिजली की बढ़ती मांग को देखते हुए सर्दियों में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक वित्तीय प्रावधान करने पर सहमति बनी।

​यूपी-उत्तराखंड परिसंपत्ति विभाजन: उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के विभाजन से जुड़ी लंबित संपत्तियों, देनदारियों और ट्रांसफर स्कीम के तहत देय धनराशि का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए।

​धामी सरकार का बड़ा फैसला: पुलिस, वन और आबकारी विभाग में 1,818 पदों पर भर्ती शुरू

​युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में उत्तराखंड सरकार ने राज्य के विभिन्न विभागों में 1,818 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) को अधियाचन भेज दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को पूरी पारदर्शिता के साथ सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं और भर्ती प्रक्रियाओं को निष्पक्ष व समयबद्ध बनाना सरकार की प्राथमिकता है।

​विभागवार प्रमुख पदों का विवरण:

​पुलिस विभाग: आरक्षी (कांस्टेबल) संवर्ग – 1,187 पद, उप निरीक्षक (SI) नागरिक पुलिस – 93 पद, SI अभिसूचना – 19 पद, प्लाटून कमांडर (PAC/IRB/SDRF) – 81 पद, अग्निशमन द्वितीय अधिकारी – 5 पद।

​वन विभाग: वन आरक्षी (फॉरेस्ट गार्ड) – 189 पद, स्पेशल टाइगर गार्ड्स – 75 पद।

​कारागार विभाग: बंदीरक्षक – 117 पद।

​आबकारी विभाग: आबकारी सिपाही – 50 पद, उप आबकारी निरीक्षक – 2 पद।

​राज्य स्तरीय ‘खेल महाकुंभ-2026’ की प्रतियोगिताएं अग्रिम तिथि तक स्थगित

​युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल के संयुक्त निदेशक अजय अग्रवाल द्वारा जारी सूचना के अनुसार, ‘खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैम्पियनशिप ट्रॉफी-2026’ की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं को अग्रिम संशोधित तिथि जारी होने तक स्थगित कर दिया गया है।

​पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2026 तक अंडर-14, अंडर-19 और 20-25 महिला ओपन वर्ग में एथलेटिक्स, कबड्डी और पिट्टू प्रतियोगिताओं के साथ समापन समारोह प्रस्तावित था। अब इन प्रतियोगिताओं के आयोजन के लिए नई तिथियों की घोषणा पृथक से की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *