भारत में जासूसी के लिए बच्चों का इस्तेमाल कर रही ISI, पठानकोट में पकड़ा गया 15 साल का नाबालिग
भारत में जासूसी के लिए बच्चों का इस्तेमाल कर रही ISI, पठानकोट में पकड़ा गया 15 साल का नाबालिग
पठानकोट (पंजाब), 5 जनवरी 2026: पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI अब भारत में जासूसी के लिए नाबालिग बच्चों को निशाना बना रही है। पंजाब के पठानकोट में पुलिस ने जासूसी के आरोप में 15 वर्षीय एक नाबालिग लड़के को गिरफ्तार किया है। यह लड़का पिछले करीब एक साल से ISI के हैंडलरों के संपर्क में था और भारत की संवेदनशील जानकारियां पाकिस्तान भेज रहा था।
पठानकोट के एसएसपी दलजिंदर सिंह ढिल्लों ने बताया कि गिरफ्तार नाबालिग की उम्र सिर्फ 15 साल है। वह मूल रूप से जम्मू-कश्मीर के सांबा जिले का रहने वाला है। पुलिस को उसके मोबाइल फोन से ISI हैंडलरों से चैट, कॉल रिकॉर्डिंग और संवेदनशील वीडियो मिले हैं। जांच में पता चला है कि वह पाकिस्तानी मिलिट्री, ISI और आतंकी संगठनों के संपर्क में था। मोबाइल क्लोनिंग के जरिए वह जानकारी भेजता था।
पुलिस का दावा है कि पूछताछ में नाबालिग ने खुलासा किया कि पंजाब के कई अन्य जिलों में भी ISI के संपर्क में छोटे बच्चे हैं। इस जानकारी के आधार पर अन्य जिलों में छापेमारी और जांच शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य नाबालिगों को भी हिरासत में लिया जाएगा। सभी जिलों को अलर्ट जारी कर दिया गया है।
यह मामला सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा माना जा रहा है। सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं और ऐसे नेटवर्क को तोड़ने के लिए ऑपरेशन चल रहा है। जांच जारी है।
