‘अब अपनी पार्टी बनाऊंगी…’ के कविता ने BRS से नाता तोड़कर नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च करने का किया ऐलान
‘अब अपनी पार्टी बनाऊंगी…’ BRS से नाता तोड़कर नई राजनीतिक पार्टी लॉन्च करने का ऐलान किया के कविता ने; आत्मसम्मान की लड़ाई बताया
हैदराबाद, 5 जनवरी 2026: तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री और BRS अध्यक्ष के चंद्रशेखर राव (KCR) की बेटी कल्वकुंतला कविता ने सोमवार को बड़ा राजनीतिक ऐलान किया। उन्होंने BRS से पूरी तरह नाता तोड़ते हुए अपनी नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की। कविता ने कहा कि उनका संगठन ‘तेलंगाना जागृति’ अब पूर्ण राजनीतिक पार्टी के रूप में उभरेगा और अगले विधानसभा चुनाव लड़ेगा।
तेलंगाना विधान परिषद में अपने अंतिम भाषण के दौरान भावुक होकर कविता ने कहा, “यह संपत्ति या पद की लड़ाई नहीं, बल्कि आत्मसम्मान की लड़ाई है। मैं भगवान और अपने दोनों बेटों की कसम खाकर कहती हूं कि मेरा संघर्ष सिर्फ आत्मसम्मान के लिए है।” उन्होंने BRS नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी को “अनैतिक” बताया और कहा कि पार्टी में उन्हें लगातार अपमान और दमन का सामना करना पड़ा।
कविता ने आरोप लगाया कि तेलंगाना गठन के बाद पार्टी में उन्हें “सिस्टमेटिक प्रतिबंध” झेलने पड़े। उन्होंने चचेरे भाई टी हरीश राव और अन्य नेताओं पर निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी अब तेलंगाना आंदोलन के विश्वासघातियों का “पुनर्वास केंद्र” बन गई है। कविता ने TRS को BRS में बदलने के फैसले का भी विरोध किया और कहा कि इससे तेलंगाना के हितों की अनदेखी हुई।
विधान परिषद से बाहर आने के बाद कविता तेलंगाना शहीद स्मारक (गन पार्क) पहुंचीं और समर्थकों को संबोधित करते हुए नई पार्टी के गठन की औपचारिक घोषणा की। उन्होंने कहा, “मैं आज व्यक्ति के रूप में इस सदन से जा रही हूं, लेकिन एक मजबूत राजनीतिक शक्ति के रूप में लौटूंगी। राज्य में एक नया राजनीतिक मंच आने वाला है, जो पारदर्शी, समावेशी और जनकेंद्रित होगा।”
कविता ने साफ किया कि उनकी नई पार्टी युवाओं, महिलाओं, बेरोजगारों और हाशिए पर पड़े वर्गों पर फोकस करेगी। उन्होंने पिता KCR को “भगवान जैसा” बताते हुए कहा कि वह उनके आसपास के “राक्षसों” से घिरे हैं, लेकिन परिवारिक विवाद की अफवाहों को खारिज किया।
गौरतलब है कि सितंबर 2025 में पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में कविता को BRS से निलंबित कर दिया गया था, जिसके बाद उन्होंने MLC पद से इस्तीफा दे दिया था। आज सदन में उन्होंने इस्तीफे को स्वीकार करने की अपील की।
इस ऐलान से तेलंगाना की राजनीति में नया उबाल आ गया है। विश्लेषकों का मानना है कि कविता की नई पार्टी BRS और कांग्रेस दोनों के लिए चुनौती बन सकती है। स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
