राष्ट्रीय

मस्जिद के बाहर रेलिंग हटाने पर हुआ था पथराव, अब चौमूं में पथरबाजों के अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

मस्जिद के बाहर रेलिंग हटाने पर हुआ था पथराव, अब चौमूं में पथरबाजों के अवैध निर्माणों पर चला बुलडोजर

जयपुर: राजस्थान के जयपुर जिले के चौमूं कस्बे में दिसंबर 2025 के अंत में कलंदरी मस्जिद के बाहर सड़क पर अतिक्रमण हटाने को लेकर भड़की हिंसा के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। 2 जनवरी 2026 को नगर परिषद और पुलिस की संयुक्त टीम ने इमाम चौक और पठान मोहल्ले में अवैध अतिक्रमणों पर बुलडोजर चलाया, जिसमें 20 अवैध स्लॉटर हाउस और कई अनधिकृत निर्माण ध्वस्त किए गए। यह कार्रवाई उसी इलाके में हुई, जहां 26 दिसंबर को रेलिंग हटाने के दौरान पुलिस पर पथराव हुआ था।

घटना की शुरुआत 25 दिसंबर की रात से हुई, जब मस्जिद समिति और नगर निगम के बीच बातचीत में सड़क पर पड़े बड़े पत्थर हटाने पर सहमति बनी। लेकिन अगली सुबह पुलिस ने बुलडोजर से लोहे की रेलिंग हटाने की कोशिश की तो स्थानीय लोगों ने विरोध किया और पथराव शुरू कर दिया। इस हिंसा में 4-6 पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े और स्थिति नियंत्रित की। घटना के बाद 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 110 से ज्यादा हिरासत में लिए गए। इंटरनेट सेवाएं भी 24 घंटे के लिए बंद कर दी गईं थीं।

पथराव के आरोपियों की पहचान के बाद 29 दिसंबर को 24 लोगों के घरों और दुकानों पर नोटिस चस्पा किए गए, जिसमें 31 दिसंबर तक जवाब मांगा गया। जवाब न मिलने पर 2 जनवरी से बुलडोजर एक्शन शुरू हुआ। भारी पुलिस बल की तैनाती के बीच अवैध सीढ़ियां, प्लेटफॉर्म और अन्य ढांचे गिराए गए। विशेष पुलिस आयुक्त राहुल प्रकाश ने कहा कि पथराव में शामिल सभी की पहचान की जा रही है और आगे कार्रवाई जारी रहेगी।

प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई अवैध अतिक्रमण और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए है। चौमूं में लंबे समय से चले आ रहे अतिक्रमण विवाद ने हिंसा का रूप ले लिया था, लेकिन अब ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत सख्ती दिखाई जा रही है। इलाके में शांति की अपील की गई है और आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रहने की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *