सर्बिया में कुशनर प्रोजेक्ट पर बवाल: NATO बॉम्बिंग साइट पर लग्जरी होटल का विरोध, हजारों सड़कों पर
सर्बिया में कुशनर प्रोजेक्ट पर बवाल: NATO बॉम्बिंग साइट पर लग्जरी होटल का विरोध, हजारों सड़कों पर
अमेरिका से करीब 7,000 किलोमीटर दूर सर्बिया की राजधानी बेलग्रेड में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दामाद जेरेड कुशनर से जुड़े एक बड़े रियल एस्टेट प्रोजेक्ट पर भारी विरोध हो रहा है। सैकड़ों-हजारों प्रदर्शनकारी सड़कों पर उतर आए हैं, जो ‘एफिनिटी’ नामक इस $500 मिलियन (करीब 4,200 करोड़ रुपये) के प्रोजेक्ट को रोकने के लिए मानव श्रृंखला बना रहे हैं। यह प्रोजेक्ट पूर्व युगोस्लाव सेना मुख्यालय (जनरल स्टाफ बिल्डिंग) को ध्वस्त कर एक लग्जरी होटल, अपार्टमेंट्स, ऑफिस और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स बनाने का है, जो 1999 के NATO बॉम्बिंग में क्षतिग्रस्त हुआ था। सर्बियाई लोग इसे ‘राष्ट्रीय स्मारक’ मानते हैं और अमेरिकी ‘आक्रमण’ का प्रतीक देखते हैं।
प्रदर्शन मंगलवार को चरम पर पहुंचा, जब छात्रों ने बॉम्ब्ड साइट के चारों ओर ‘मानव ढाल’ बनाई और जमीन पर लाल रेखा खींचकर इसे ‘अस्पृश्य’ घोषित किया। बैनरों पर लिखा था, “हम जनरल स्टाफ नहीं देंगे!” यह विरोध राष्ट्रपति अलेक्जांदर वुचिच की सरकार के खिलाफ भी है, जिसने शुक्रवार को विशेष कानून पास कर प्रोजेक्ट को ‘तत्काल महत्वपूर्ण’ घोषित कर तेजी से मंजूरी दी। विपक्ष इसे ‘भ्रष्टाचार’ और ‘ट्रंप को खुश करने की साजिश’ बता रहा है। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, “यह इमारत हमारे शहीदों की याद दिलाती है। इसे ट्रंप टावर में बदलना अपमान है।”
जेरेड कुशनर की Affinity Global Development फर्म (2021 में स्थापित) ने सर्बियाई सरकार से 99 साल का लीज लिया है। Emirati पार्टनर Eagle Hills के साथ यह प्रोजेक्ट बेलग्रेड को ‘अंतरराष्ट्रीय हब’ बनाने का दावा करता है, लेकिन आलोचक कहते हैं कि यह सांस्कृतिक विरासत का अपमान है। साइट का संरक्षित दर्जा पिछले साल हटाया गया, जिसकी जांच चल रही है – दस्तावेजों में धोखाधड़ी के आरोप हैं। वुचिच सरकार का तर्क है कि यह अमेरिका से आर्थिक रिश्ते मजबूत करेगा और NIS ऑयल रिफाइनरी पर US सैंक्शन्स हटाने में मदद करेगा। कुशनर ने कहा, “यह बेलग्रेड को प्रीमियर डेस्टिनेशन बनाएगा।” लेकिन सर्बिया में NATO के खिलाफ भावनाएं अभी भी तीव्र हैं – 1999 के 78 दिनों के बॉम्बिंग में 2,500 से ज्यादा मौतें हुईं।
यह विरोध नवंबर 2024 के नोवी साड रेलवे स्टेशन हादसे (16 मौतें) से उपजे एंटी-गवर्नमेंट आंदोलन का हिस्सा है। प्रदर्शनकारियों ने कक्षाओं का बहिष्कार किया और सड़कें ब्लॉक कीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आर्किटेक्ट्स और हिस्टोरियंस ने भी विरोध किया। अल्बानिया में कुशनर का एक और प्रोजेक्ट $1.6 बिलियन का रिसॉर्ट है।
