चारधाम यात्रा ने तोड़े सभी पुराने रिकॉर्ड: गंगोत्री में 7.84 लाख से अधिक पहुंचे श्रद्धालु
चारधाम यात्रा ने तोड़े सभी पुराने रिकॉर्ड: गंगोत्री में 7.84 लाख से अधिक पहुंचे श्रद्धालु
उत्तराखंड में इस साल चारधाम यात्रा ने नया इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के यात्रा प्रबंधन और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते इस बार श्रद्धालुओं की संख्या ने पिछले सभी रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। यात्रा के 147 दिनों (12 सितंबर तक) में कुल 50,28,497 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले साल की इसी अवधि से 5,19,173 अधिक है।
प्रमुख धामों के आंकड़े और रिकॉर्ड्स
गंगोत्री धाम: इतिहास में पहली बार गंगोत्री पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का आंकड़ा 7,84,321 पर पहुंच गया है। इससे पहले साल 2022 में सबसे ज्यादा 7,81,961 यात्री आए थे।
यमुनोत्री धाम: यहां भी दर्शनार्थियों का आंकड़ा 7 लाख पार कर चुका है। अब तक 7,03,302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह संख्या 6,44,637 थी।
बद्रीनाथ धाम: 12 सितंबर तक 17,28,578 श्रद्धालु भगवान बद्रीविशाल के दर्शन कर चुके हैं, जो पिछले साल की तुलना में 3,45,733 अधिक है।
हेमकुंड साहिब: यहां भी श्रद्धालुओं का भारी उत्साह देखा गया है और अब तक 3,19,135 लोग दर्शन कर चुके हैं।
सुरक्षा और पुख्ता इंतजाम
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखते हुए राज्य सरकार ने सभी जरूरी कदम उठाए हैं। यात्रा मार्ग से जुड़े रुद्रप्रयाग, चमोली और उत्तरकाशी जनपदों में आपदा प्रबंधन विभाग को चौबीसों घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। यात्रा में अभी लगभग दो महीने का समय बाकी है, ऐसे में इस बार श्रद्धालुओं की संख्या में और बड़ी बढ़ोतरी होने की पूरी उम्मीद है।
