‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’: पौड़ी में सीएम धामी ने युवाओं से किया संवाद, पौने तीन लाख विद्यार्थियों ने भेजे अपने विचार
‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’: पौड़ी में सीएम धामी ने युवाओं से किया संवाद, पौने तीन लाख विद्यार्थियों ने भेजे अपने विचार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में शिरकत की। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेशभर से आए विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया और विकसित उत्तराखंड के उनके सपनों व सुझावों को जाना।
’मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान को मिला व्यापक समर्थन
इस विशेष अभियान के तहत प्रदेशभर के 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न जनपदों से आए छात्र-छात्राओं ने पलायन, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और रोजगार जैसे अहम मुद्दों पर अपने विचार खुलकर रखे।
प पलायन और रिवर्स माइग्रेशन: रुद्रप्रयाग की छात्रा सीमा सेमवाल और तमन्ना ने पलायन और खेती से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे। इस पर सीएम धामी ने कहा कि सरकार गांवों तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के साथ-साथ ‘रिवर्स माइग्रेशन’ की दिशा में भी प्रयास कर रही है। प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं।
रोजगार और कौशल विकास: मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल नौकरी खोजने वाले (Job Seeker) नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले (Job Provider) बनने का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि टेक्नोलॉजी और इनोवेशन को बढ़ावा देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
स्वास्थ्य और शिक्षा: छात्र मुकेश कुशवाहा ने गांवों तक हेलीकॉप्टर एंबुलेंस और स्कूल स्तर पर कौशल विकास ट्रेनिंग का सुझाव दिया, जिसे मुख्यमंत्री ने एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
नकल माफियाओं पर सख्त कानून और युवाओं का सम्मान
कार्यक्रम के दौरान सीएम धामी ने कहा कि राज्य सरकार योग्य युवाओं को पारदर्शी और निष्पक्ष अवसर देने के लिए नकल माफियाओं के खिलाफ कड़े कानून बना चुकी है। इस दौरान बेहतर सहभागिता के लिए शिक्षक अंकुश और रुद्रप्रयाग में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सम्मानित किया गया। साथ ही छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को अपनी बनाई हुई एक चित्रकृति भेंट की।
अंत में मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण में लगाने की अपील करते हुए कहा कि वर्ष 2047 के विकसित भारत और उत्तराखंड के निर्माण में प्रदेश के प्रत्येक युवा की भूमिका अत्यंत अहम है।
