राष्ट्रीय

स्पाइसजेट विमान के उड़ान भरते ही रनवे पर गिरा पहिया, करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग

शुक्रवार को स्पाइसजेट की एक फ्लाइट के साथ उड़ान के दौरान एक अजीब और चिंताजनक घटना हुई। कांडला से मुंबई जा रही फ्लाइट SG-2906 जब रनवे से उड़ान भर रही थी, तभी उसका एक बाहरी पहिया रनवे पर गिर गया। विमान बॉम्बार्डियर DHC8-Q400 मॉडल का था और इसमें 75 यात्री सवार थे। घटना के बाद कांडला एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और तुरंत इमरजेंसी घोषित कर दी गई। हालांकि, विमान ने अपनी यात्रा जारी रखी और मुंबई एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग की, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

रनवे पर गिरा टायर, टावर कंट्रोलर ने देखा

जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने दोपहर 2:39 बजे कांडला एयरपोर्ट के रनवे 23 से उड़ान भरी थी। टावर कंट्रोलर ने देखा कि टेक-ऑफ के दौरान विमान से एक काले रंग की वस्तु गिरकर रनवे पर लुढ़कती हुई दिखाई दी। तुरंत जांच के लिए टीम भेजी गई, जिसने रनवे से एक टायर और धातु के छल्ले बरामद किए।

स्पेशल लैंडिंग सिस्टम से हुई सुरक्षित लैंडिंग

DHC8-Q400 विमान में ट्राइसाइकिल लैंडिंग गियर सिस्टम होता है, जिसमें आगे दो और हर मुख्य लैंडिंग गियर पर दो-दो पहिए होते हैं। इस सिस्टम की वजह से, एक पहिए के गिर जाने के बावजूद विमान सुरक्षित रूप से लैंड करने में सक्षम रहा।

मुंबई में लैंडिंग के बाद विमान स्वयं टर्मिनल तक पहुंचा और सभी यात्री सामान्य रूप से उतर गए। किसी यात्री को कोई चोट नहीं आई।

स्पाइसजेट ने की घटना की पुष्टि

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने इस घटना की पुष्टि करते हुए कहा, “12 सितंबर को कांडला से मुंबई जा रही स्पाइसजेट Q400 विमान का एक बाहरी पहिया उड़ान भरते समय रनवे पर गिर गया। विमान ने यात्रा जारी रखी और मुंबई में सुरक्षित लैंडिंग की। सभी यात्री सुरक्षित हैं।”

जांच जारी, DGCA की निगरानी

विमान से उड़ान के दौरान पहिया गिरना एक गंभीर तकनीकी मामला है। इस घटना की जांच की जा रही है, और नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने भी मामले पर नजर रखी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *