राजा रघुवंशी हत्याकांड: मेगालया पुलिस ने दायर की 790 पेज की चार्जशीट, सोनम-राज समेत 8 पर आरोप, परिवार ने मांगी फांसी
राजा रघुवंशी हत्याकांड: मेगालया पुलिस ने दायर की 790 पेज की चार्जशीट, सोनम-राज समेत 8 पर आरोप, परिवार ने मांगी फांसी
इंदौर के व्यवसायी राजा रघुवंशी की हनीमून के दौरान हत्या के सनसनीखेज मामले में मेगालया पुलिस ने शुक्रवार को सोहरा सब-डिवीजन की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कोर्ट में 790 पेज की चार्जशीट दाखिल की। इस चार्जशीट में राजा की पत्नी सोनम रघुवंशी, उनके कथित प्रेमी राज कुशवाहा और छह अन्य आरोपियों पर हत्या, आपराधिक साजिश और सबूत मिटाने के आरोप लगाए गए हैं। पीड़ित परिवार ने सोनम, राज कुशवाहा और तीन अन्य मुख्य आरोपियों के लिए फांसी की सजा की मांग की है।
मेगालया पुलिस की विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने चार्जशीट में बताया कि सोनम रघुवंशी (आरोपी नंबर 1) और राज कुशवाहा ने राजा की हत्या की साजिश रची थी। इस साजिश में तीन किराए के हत्यारों—विशाल सिंह चौहान, आकाश सिंह राजपूत और आनंद कुर्मी—ने हिस्सा लिया। तीन अन्य आरोपी—लोकेंद्र तोमर, बलवीर अहिरवार उर्फ बल्ला और शिलोम जेम्स—पर सबूत मिटाने का आरोप है। सभी आठ आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) (हत्या), 238(a) (सबूत मिटाने) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत आरोप तय किए गए हैं।
मामले का घटनाक्रम
– 11 मई 2025: राजा रघुवंशी और सोनम की इंदौर में शादी हुई।
– 20 मई 2025: हनीमून के लिए दोनों शिलांग पहुंचे और फिर सोहरा गए।
– 23 मई 2025: सोहरा के वेई सॉडॉन्ग फॉल्स के पास सोनम की मौजूदगी में विशाल, आकाश और आनंद ने राजा पर माचेते से हमला किया और उसकी हत्या कर शव को गहरी खाई में फेंक दिया।
– 26 मई 2025: दंपति के लापता होने की सूचना मिलने पर सोहरा पुलिस, विशेष ऑपरेशन टीम (SOT), NDRF, SDRF और स्थानीय लोगों ने व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया।
– 2 जून 2025: राजा का शव अरलियांग रियाट कुनोंग्रिम, उमबलाई के पास खाई से बरामद हुआ।
– 8-9 जून 2025: सोनम ने उत्तर प्रदेश के गाजीपुर में आत्मसमर्पण किया, जबकि अन्य चार मुख्य आरोपियों को मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार किया गया।
चार्जशीट के अनुसार, सोनम और राज कुशवाहा का शादी से पहले से प्रेम संबंध था। शादी के कुछ दिनों बाद ही दोनों ने हनीमून के बहाने राजा को खत्म करने की साजिश रची। तीन असफल प्रयासों के बाद, 23 मई को हत्यारों ने योजना को अंजाम दिया। जांच में यह भी पता चला कि सोनम ने बिना परिवार को बताए शिलांग की यात्रा बुक की थी।
परिवार की मांग: फांसी की सजा
इंदौर में राजा के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने कहा, “हमारा परिवार केवल एक मांग करता है—सोनम, राज कुशवाहा और अन्य तीन मुख्य आरोपियों को फांसी दी जाए।” विपिन ने मेगालया पुलिस की जांच पर संतुष्टि जताई, लेकिन चार्जशीट का विवरण देखने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने सोनम के भाई गोविंद पर भी धोखे का आरोप लगाया, जो पहले राजा के लिए न्याय की बात कह चुके थे, लेकिन अब सोनम का बचाव कर रहे हैं। राजा की मां उमा रघुवंशी ने भी कहा, “अगर सोनम ने मेरे बेटे की हत्या की है, तो उसे फांसी मिलनी चाहिए।”
जांच और अगले कदम
पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस अधीक्षक विवेक स्येम ने बताया कि जांच ने साजिश का स्पष्ट खुलासा किया है। तीन अन्य आरोपियों के खिलाफ जल्द ही पूरक चार्जशीट दाखिल की जाएगी। मामले की अगली सुनवाई शिलांग की अदालत में होगी, जहां पीड़ित परिवार ने अपने वकील नियुक्त किए हैं। यह मामला देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है, और लोग इसकी सुनवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
