Tuesday, October 27, 2026
Latest:
उत्तराखंड

आपदा प्रभावित क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग ने घर पर कराई महिला की डिलीवरी, मार्ग कई दिनों से है बाधित

जनपद रुद्रप्रयाग के बसुकेदार क्षेत्र में हाल ही में हुई अतिवृष्टि के बाद से पूरे जिले में आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। इसके बावजूद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशानुसार जिले के सभी विभाग अपने-अपने कार्यों को तेज़ी से अंजाम दे रहे हैं। बीते दिन तालजामण क्षेत्र में बिजली और पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीमें भी आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रूप से कार्यरत हैं और प्रभावित लोगों की हर संभव मदद कर रही हैं।

इसी क्रम में जखोली ब्लॉक के बकसिर बंगड़ गांव में मेडिकल टीम ने एक 21 वर्षीय महिला की सुरक्षित डिलीवरी उसके घर पर ही करवाई। महिला ने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया है। बड़ी बात ये है कि मेडिकल टीम संपर्क मार्ग टूटे होने के बाद भी बड़ी विकट परिस्थितियों में महिला के घर पहुँची और महिला की सुरक्षित डिलीवरी करवाई।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश ने बताया कि देर रात सूचना प्राप्त हुई कि सक्षमा देवी (उम्र 21 वर्ष), पत्नी पंकज चंद को अत्यधिक प्रसव पीड़ा हो रही है। सूचना मिलते ही प्रभारी चिकित्सा अधिकारी जखोली डॉ. खुशपाल सिंह के निर्देशन में एक मेडिकल टीम गठित कर महिला के घर भेजी गई।

टीम देर रात गांव पहुंची और स्थानीय दाई की सहायता से महिला का सुरक्षित प्रसव करवाया। महिला के परिजनों के संपर्क में भी स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार बनी हुई है, ताकि किसी भी प्रकार की समस्या न हो।

वहीं, जिलाधिकारी प्रतीक जैन द्वारा आपदा के इस दौर में सभी विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के सख्त निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि आपदा प्रभावित क्षेत्रों में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया है, जिनकी निगरानी के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों को नोडल बनाकर जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *